कारोबार

HDFC Bank 10 जून से बदल रहा पैसा ट्रांसफर करने के नियम, iPhone यूजर्स के लिए आ गई है नई ट्रांजेक्शन लिमिट

HDFC Bank UPI New Rules: एचडीएफसी बैंक एपल डिवाइसेस के लिए मनी ट्रांजेक्शन नियम 10 जून से बदल रहा है। अगर आपने नए एपल डिवाइस पर रजिस्टर किया है, तो नए एड किये बेनिफिशियरीज को 72 घंटे तक 50 हजार रुपये से ज्यादा की रकम नहीं भेज पाएंगे।

2 min read
Jun 09, 2026
HDFC Bank Money Transfer Rules
HDFC Bank ऐप से पैसे ट्रांसफर करने के नियम बदल रहे हैं। (PC: AI)

HDFC Bank Money Transfer Rules: देश का सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक एचडीएफसी बैंक बुधवार, 10 जून से नया नियम लागू कर रहा है। बैंक ने मनी ट्रांजेक्शन में एक सिक्योरिटी अपडेट किया है। बैंक ने ग्राहकों के अकाउंट को धोखाधड़ी से बचाने के लिए ट्रांजेक्शन लिमिट तय की है। बैंक ने बताया कि एचडीएफसी बैंक एप पर रजिस्ट्रेशन के पहले 72 घंटों में नए बेनिफिशियरीज के लिए ट्रांजेक्शन लिमिट लागू रहेगी। यह ट्रांजेक्शन लिमिट सिर्फ एपल डिवाइसेस के लिए है।

72 घंटे तक 50,000 से ज्यादा नहीं कर पाएंगे ट्रांसफर

यानी आपने किसी एपल डिवाइस पर रजिस्टर या री-रजिस्टर किया है, तो नए एड किये गए बेनिफिशियरीज के लिए ट्रांजेक्शन लिमिट लागू रहेगी। इसमें पहले 72 घंटों तक 50,000 रुपये से ज्यादा की रकम ट्रांसफर नहीं की जा सकेगी। यह लिमिट सभी नए जोड़े गए बेनिफिशियरीज के लिए लागू रहेगी।

क्यों लगाई गई ट्रांजेक्शन लिमिट?

साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट प्रियंका सांखला ने पत्रिका डॉट कॉम को बताया कि नए डिवाइस में लॉगइन को हाई रिस्क वाला मामला समझा जाता है। यह सिम चोरी, फोन चोरी और अनाधिकृत एक्सेस में फ्रॉड का मामला हो सकता है। ऐसे में बैंक अस्थायी ट्रांजेक्शन लिमिट लागू करते हैं। इस दौरान बैंक डिवाइस पर पूरी तरह ट्रस्ट करने से पहले यूजर बिहेवियर को ऑब्जर्व करते हैं।

आईफोन पर ज्यादा देर तक क्यों होती है लिमिट?

सांखला ने बताया कि आमतौर पर ट्रांजेक्शन लिमिट का यह समय एंड्रॉयड डिवाइस पर कम और एपल डिवाइस पर अधिक होता है। क्योंकि एंड्रॉयड डिवाइस डीपर सिस्टम लेवल वेरिफिकेशन अलाउ करता है। जबकि iOS में प्राइवेसी और सेंडबॉक्सिंग स्ट्रिक्ट होने से बैंक को कम सिग्नल्स मिलते हैं। ऐसे में बैंक टाइम बेस्ड ट्रस्ट पर भरोसा करते हैं। इस लिमिटेशन से ग्राहकों को थोड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन यह उनकी सुरक्षा के लिए ही है।

UPI से एक दिन में कितना पैसा भेज सकते हैं?

एचडीएफसी बैंक की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आप 24 घंटे में प्रति बैंक अकाउंट 10 ट्रांजेक्शन (अधिकतम 1 लाख रुपये तक) कर सकते हैं। यह लिमिट पर्सन टू पर्सन पैसा भेजने पर ही है। बिल पेमेंट्स और मर्चेंट ट्रांजेक्शंस पर यह लिमिट लागू नहीं है। आईपीओ भर रहे हैं, तो यह लिमिट यूपीआई पर प्रति ट्रांजेक्शन 5 लाख रुपये है। जिन यूजर्स ने अपना डिवाइस, सिम कार्ड या मोबाइल नबर बदला है, वे एंड्रॉयड डिवाइस पर पहले 24 घंटे सिर्फ 5000 रुपये तक ट्रांसफर कर सकते हैं। आईफोन यूजर्स के लिए यह लिमिट 72 घंटे तक है।

अनाधिकृत ट्रांजेक्शन हुआ है, तो क्या करें?

अगर एचडीएफसी बैंक के ग्राहकों के साथ यूपीआई लेनदेन में फ्रॉड हुआ है, तो 1800 258 6161 नंबर पर कॉल कर शिकायत करें। कॉल से पहले यह जानकारी अपने पास रखें- मोबाइल नंबर, कस्टमर आईडी, प्राप्तकर्ता की डिटेल (यूपीआई आईडी, क्यूआर कोड, मोबाइल नंबर, यूपीआई नंबर, अकाउंट नबर और IFSC), डेबिट अकाउंट नंबर, ट्रांजेक्शन की तारीख और समय, ट्रांजेक्शन अमाउंट, ट्रांजेक्शन रेफरेंस नंबर और ट्रांजेक्शन का स्क्रीन शॉट।

Published on:
09 Jun 2026 07:19 pm