कारोबार

HDFC Bank का शेयर 2026 में अब तक 20% गिरा, क्या यह है खरीदने का सही समय?

HDFC Bank Share Price: बैंक का शेयर प्राइस साल 2026 में अब तक 20 फीसदी तक टूट चुका है। बैंक की मैनेजमेंट टीम में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। ऐसे में क्या इस गिरावट के कारण शेयर में पैसा लगाना चाहिए? जानिए एक्सपर्ट्स की राय।
2 min read
Jul 02, 2026
HDFC Bank Customer Alert
HDFC Bank का शेयर गिर गया है।

HDFC Bank का शेयर इस साल अब तक करीब 20 फीसदी टूट चुका है, जिससे इसके 42 लाख से ज्यादा शेयरधारकों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, बैंक ने नए चेयरमैन और नए मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) की नियुक्ति कर मैनेजमेंट को मजबूत करने की कोशिश की है। ऐसे में कई निवेशकों के मन में यह सवाल होगा कि क्या अब इसमें निवेश करने का सही समय है? लेकिन इस पर एक्सपर्ट्स का कहना है कि अभी सिर्फ शेयर सस्ता दिखने के कारण खरीदने का फैसला नहीं करना चाहिए। बल्कि निवेश से पहले कुछ अहम घटनाक्रम पर नजर रखना जरूरी है।

HDFC बैंक ने किए बड़े बदलाव

स्थिति को संभालने के लिए एचडीएफसी बैंक ने कई अहम कदम उठाए हैं। बैंक ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त और पूर्व IAS अधिकारी राजीव कुमार को पार्ट-टाइम (नॉन-एग्जीक्यूटिव) चेयरमैन नियुक्त किया है। इसके अलावा बैंक के बोर्ड ने पुनीत शर्मा को 1 सितंबर से CFO-डिजिग्नेट और 1 दिसंबर से CFO बनाने को मंजूरी दी है। वहीं, जिगर शाह को बैंक का जनरल काउंसिल नियुक्त किया गया है।

सिर्फ गिरावट देखकर खरीदारी न करें

INVasset PMS के बिजनेस हेड हर्षल दसानी का कहना है कि एचडीएफसी बैंक के बोर्ड की ओर से कराए गए स्वतंत्र कानूनी रिव्यू में आरोपों को साबित करने वाली कोई बात नहीं मिली है। वहीं, RBI ने भी बैंक के गवर्नेंस को लेकर कोई बड़ी चिंता नहीं जताई है। हालांकि, उनका कहना है कि सिर्फ इसलिए शेयर नहीं खरीदना चाहिए क्योंकि इसकी कीमत काफी गिर गई है। निवेशकों को यह देखना चाहिए कि बैंक से जुड़े सभी मुद्दे पूरी तरह सुलझते हैं या नहीं।

दुबई मामले पर भी रहेगी नजर

हर्षल दसानी के मुताबिक, अगर बैंक से जुड़ी कोई नई जानकारी सामने नहीं आती, तो शेयर में आगे तेजी की संभावना बन सकती है। लेकिन यदि दुबई मामले (दुबई शाखा में AT-1 बॉन्ड्स की मिस-सेलिंग) में जांच या कार्रवाई का दायरा बढ़ता है, तो शेयर पर दबाव बना रह सकता है। फिलहाल ब्रोकरेज हाउस एचडीएफसी बैंक के लिए सेल-साइड टारगेट 940 रुपये से 1,100 रुपये बता रहा है। लेकिन शेयर करीब 800 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा है।

अभी HDFC Bank में नई खरीदारी से बचें

एक्सिस डायरेक्ट की रिसर्च एनालिस्ट ज्ञानदा वैद्य का कहना है कि एचडीएफसी बैंक ने अपनी लीडरशिप टीम को मजबूत किया है। बैंक के कारोबार में भी सुधार के संकेत मिल रहे हैं। इसके बावजूद उनका मानना है कि फिलहाल एचडीएफसी बैंक में नई खरीदारी करने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। उनकी सलाह है कि नया निवेश करने के लिए ICICI बैंक व कोटक महिंद्रा बैंक बेहतर हैं।

Published on:
02 Jul 2026 08:53 pm