26 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

SBI, BOB या HDFC Bank, कार लोन पर कहां मिल रही सबसे कम ब्याज दर? 5 लाख के कर्ज पर जानिए EMI

Car Loan EMI Calculation: कार लोन लेने से पहले सिर्फ कम ब्याज दर देखना पर्याप्त नहीं है। प्रोसेसिंग फीस, लोन की अवधि, सिबिल स्कोर, शर्तें और आपकी पेमेंट कैपेसिटी को ध्यान में रखना भी जरूरी है।
3 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

Jun 26, 2026

Car Loan EMI Calculation

Car Loan में 20/4/10 नियम का ध्यान रखें। (PC: AI)

Car Loan Interest Rates: नई कार खरीदना हर किसी का सपना होता है, लेकिन जल्दबाजी में लिया गया कार लोन आपकी जेब पर सालों तक भारी पड़ सकता है। सिर्फ कम ब्याज दर देखकर फैसला करना समझदारी नहीं है। प्रोसेसिंग फीस, लोन की अवधि, हिडन चार्जेज और आपकी भुगतान क्षमता जैसे कई पहलू हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना बाद में महंगा पड़ सकता है। जून 2026 में कई सरकारी बैंक, निजी बैंक और एनबीएफसी आकर्षक ब्याज दरों पर कार लोन दे रहे हैं। शुरुआती ब्याज दर 7.35 फीसदी सालाना से शुरू हो रही है। हालांकि, हर ग्राहक को यह रेट नहीं मिलती।

बैंक आपकी क्रेडिट प्रोफाइल, सिबिल स्कोर, आय, नौकरी, पुराने लोन का रिकॉर्ड और चुनी गई लोन अवधि के आधार पर ब्याज दर तय करते हैं।

5 लाख के कार लोन पर क्या बनेगी EMI

बैंक / एनबीएफसी का नामब्याज दर (% सालाना)मंथली ईएमआई (₹)प्रोसेसिंग फीस
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया7.50% - 10.00%₹10,019 - ₹10,684₹1,000 तक
पंजाब नेशनल बैंक7.60% - 10.70%₹10,043 - ₹10,7970.25% तक (₹1,000 - ₹1,500)
बैंक ऑफ बड़ौदा7.60% - 11.35%₹10,043 - ₹10,959₹2,000 तक
केनरा बैंक7.45% - 11.45%₹10,007 - ₹10,984₹1,000 से ₹5,000 तक
बैंक ऑफ इंडिया7.60% - 12.55%₹10,043 - ₹11,2620.25% तक (₹2,500 - ₹10,000)
यूको बैंक7.35% - 10.00%₹9,983 - ₹10,6240.5% (अधिकतम ₹5,000)
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया8.80% - 9.85%₹10,331 - ₹10,587₹1,500 - ₹4,000
आईडीबीआई बैंक7.75% - 9.30%₹10,078 - ₹10,452₹2,500
बैंक ऑफ महाराष्ट्र7.45% - 11.75%₹10,007 - ₹11,0590.25% (₹1,000 - ₹15,000)
इंडियन ओवरसीज बैंक7.55% - 12.00%₹10,031 - ₹11,122कोई शुल्क नहीं
आईसीआईसीआई बैंक8.40% से शुरू₹10,234 से शुरू2% तक
एचडीएफसी बैंक8.15% से शुरू₹10,174 से शुरू0.5% तक (₹3,500 - ₹8,000)
कर्नाटक बैंक8.12% - 11.62%₹10,167 - ₹11,0260.60% तक (₹2,500 - ₹11,000)
फेडरल बैंक7.65% - 9.00%₹10,055 से शुरू1% (₹1,000 - ₹50,000)
पंजाब एंड सिंध बैंक7.50% - 14.00%₹10,019 - ₹11,6340.25% (₹1,000 - ₹15,000)
इंडियन बैंक7.50% - 9.65%₹10,019 - ₹10,513₹1,200
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक8.99% से शुरू₹10,377 से शुरू₹10,000 तक
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया7.60% - 9.30%₹10,043 - ₹10,4520.50% (₹2,000 - ₹20,000)
यहां ईएमआई की गणना 5 साल के लिए 5 लाख के लोन पर की गई है।

अगर आप भी नई कार खरीदने के लिए लोन लेने की तैयारी कर रहे हैं तो आवेदन करने से पहले इन पांच बातों पर जरूर ध्यान दें।

सिर्फ ब्याज दर नहीं, पूरे खर्च का हिसाब लगाएं

अक्सर लोग सबसे कम ब्याज दर देखकर लोन चुन लेते हैं। लेकिन असली खर्च सिर्फ ब्याज तक सीमित नहीं होता। प्रोसेसिंग फीस, डॉक्यूमेंट चार्ज, बीमा और दूसरे शुल्क भी आपकी कुल लागत बढ़ा सकते हैं। इसलिए अलग-अलग बैंकों की कुल लागत की तुलना जरूर करें।

अच्छा सिबिल स्कोर दिला सकता है सस्ता लोन

अगर आपका सिबिल स्कोर 750 या उससे अधिक है और आपने पहले के लोन या क्रेडिट कार्ड की किस्तें समय पर चुकाई हैं, तो बैंक आपको कम ब्याज दर पर लोन देने के लिए ज्यादा तैयार रहते हैं। खराब क्रेडिट रिकॉर्ड होने पर ब्याज दर बढ़ सकती है या आवेदन भी खारिज हो सकता है।

लोन की अवधि सोच-समझकर चुनें

कम ईएमआई के लालच में बहुत लंबी अवधि का लोन लेना हमेशा फायदे का सौदा नहीं होता। इससे हर महीने की किस्त तो कम हो जाती है, लेकिन कुल ब्याज काफी बढ़ जाता है। एक्सपर्ट 20/4/10 नियम अपनाने की सलाह देते हैं। यानी कार की कीमत का कम से कम 20 फीसदी डाउन पेमेंट करें, लोन की अवधि 4 साल तक रखें और कार की ईएमआई आपकी मासिक आय के 10 फीसदी से ज्यादा न हो।

एग्रीमेंट पढ़े बिना हस्ताक्षर न करें

कई लोग लोन मंजूर होते ही बिना शर्तें पढ़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर देते हैं। यह गलती बाद में महंगी पड़ सकती है। प्रीपेमेंट चार्ज, फोरक्लोजर फीस, लेट पेमेंट पेनल्टी और अन्य नियमों को अच्छी तरह समझ लें।

उतना ही लोन लें, जितना आसानी से चुका सकें

कार खरीदने का फैसला भावनाओं में नहीं, बजट देखकर लें। ऐसी ईएमआई चुनें जिसे हर महीने बिना किसी परेशानी के चुका सकें। अगर किस्त आपकी आय का बड़ा हिस्सा खाने लगेगी तो भविष्य में दूसरे जरूरी खर्चों पर असर पड़ सकता है।

आखिर कौन-सा कार लोन रहेगा सबसे बेहतर?

हर व्यक्ति की आय, खर्च और जरूरत अलग होती है। इसलिए किसी एक बैंक का लोन सभी के लिए सबसे अच्छा नहीं हो सकता। सही फैसला वही होगा जिसमें ब्याज दर कम हो, अतिरिक्त शुल्क कम हों और ईएमआई आपके मासिक बजट में आसानी से फिट बैठती हो। आवेदन करने से पहले अलग-अलग बैंकों और एनबीएफसी के ऑफर की तुलना करना हमेशा फायदेमंद रहता है।