कारोबार

Home Loan Interest Rate: होम लोन पर 7.25% की कम ब्याज दर आगे मिलना हो सकता है मुश्किल, अगले हफ्ते से महंगे हो सकते हैं कर्ज, जानिए वजह

RBI MPC Meeting: बैंक जल्द ही होम लोन समेत दूसरे कर्ज पर ब्याज दरें बढ़ा सकते हैं। दिसंबर में होने वाली आरबीआई की पॉलिसी बैठक में रेपो रेट बढ़ने की उम्मीद की जा रही है। नोमुरा के मुताबिक, RBI रेपो रेट में 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकता है।
4 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 12:09 PM IST
RBI Repo Rate
आरबीआई रेपो रेट में इजाफा कर सकता है। (PC: AI)

RBI Repo Rate: होम लोन पर आने वाले दिनों में आपको अधिक ब्याज चुकाना पड़ सकता है। इस समय सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 7.25 फीसदी की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन ऑफर कर रहा है। बैंक ऑफ महाराष्ट्र भी 7.25 फीसदी की कम ब्याज दर पर होम लोन ऑफर कर रहा है। अगले हफ्ते से इन कम ब्याज दरों पर खतरा मंडरा सकता है। दरअसल आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक 2 से 4 दिसंबर को होने वाली है। इस बैठक में आरबीआई रेपो रेट में बढ़ोतरी का फैसला ले सकता है। महंगाई के बढ़ते दबाव को देखते हुए केंद्रीय बैंक रेपो रेट में 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकता है। ऐसा हुआ तो रेपो रेट मौजूदा स्तर से बढ़कर 6 फीसदी पर पहुंच जाएगा। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म नोमुरा (Nomura) ने अपनी नई रिपोर्ट में यह अनुमान जताया है।

रेपो रेट बढ़ने पर बैंक क्यों महंगे कर सकते हैं लोन

आरबीआई द्वारा रेपो रेट में बढ़ोतरी का असर होम लोन की ईएमआई पर पड़ सकता है। जिन ग्राहकों के लोन फ्लोटिंग ब्याज दर पर हैं और ब्याज दर रेपो रेट से लिंक्ड है, तो ईएमआई अधिक देनी पड़ सकती है। इसके अलावा अन्य लोन्स पर भी बैंक ब्याज दरें बढ़ा सकते हैं। जब आरबीआई रेपो रेट बढ़ाता है, तो बैंकों को आरबीआई से मिलने वाला कर्ज महंगा हो जाता है। ऐसे में बैंक यह बोझ ग्राहकों पर डालने की कोशिश करते हैं। हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि रेपो रेट बढ़ने पर बैंक ब्याज दरें बढ़ाएं ही, ब्याज दरें बढ़ाने या नहीं बढ़ाने का फैसला बैंकों पर निर्भर करता है।

नोमुरा ने बढ़ाया अपना अनुमान

आरबीआई एमपीसी की बैठक से पहले नोमुरा ने अपने पुराने अनुमान में बदलाव किया है। ब्रोकरेज ने पहले रेपो रेट में 0.25 फीसदी बढ़ोतरी की संभावना जताई थी, लेकिन नवंबर में खाने-पीने की चीजों के दाम उम्मीद से ज्यादा बढ़ने के बाद अब उसने 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है। नोमुरा के मुताबिक, 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना 60 फीसदी है। वहीं, 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना 40 फीसदी आंकी गई है। ब्रोकरेज का मानना है कि महंगाई को काबू में रखने के लिए आरबीआई को इस बार सख्त कदम उठाना पड़ सकता है।

नवंबर में महंगाई बढ़ने से RBI की चिंता बढ़ी

नोमुरा ने रेपो रेट हाइक की संभावनाएं बढ़ने की सबसे बड़ी वजह नवंबर में खाद्य पदार्थों की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी को बताया है। ब्रोकरेज के रोजाना के खाद्य कीमतों के आंकड़ों के अनुसार, कई खाद्य वस्तुओं के दाम में पिछले कुछ वर्षों की सबसे तेज मासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसका असर खुदरा महंगाई पर भी दिख सकता है। नोमुरा का अनुमान है कि नवंबर में भारत की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.4 फीसदी हो सकती है, जबकि अक्टूबर में यह 6.1 फीसदी थी। ब्रोकरेज के मुताबिक, अक्टूबर से दिसंबर तिमाही में औसत खुदरा महंगाई 6.3 फीसदी तक पहुंच सकती है। यह आरबीआई के 6 फीसदी के अनुमान से ज्यादा है।

अनाज और दालों के भी बढ़ रहे दाम

महंगाई बढ़ने की वजह सिर्फ सब्जियों या जल्दी खराब होने वाली चीजों की कीमतें नहीं हैं। अनाज और दालों के दाम भी बढ़ रहे हैं। इनकी कीमतों में बदलाव का असर लंबे समय तक बना रह सकता है। ऐसे में महंगाई को जल्द नीचे लाना मुश्किल हो सकता है। आरबीआई खुदरा महंगाई के लिए 6 फीसदी की ऊपरी सीमा तय करता है। नोमुरा का मानना है कि महंगाई लगातार दो तिमाहियों तक इस सीमा से ऊपर रह सकती है। पहले केंद्रीय बैंक को इसके केवल एक तिमाही तक ऊपर रहने की आशंका थी।

खाद्य महंगाई के साथ कोर महंगाई भी बढ़ा रही चिंता

आमतौर पर खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए RBI तुरंत ब्याज दरें नहीं बढ़ाता, क्योंकि इसके पीछे कई बार सप्लाई से जुड़ी वजहें होती हैं। लेकिन इस बार स्थिति थोड़ी अलग है। नोमुरा के अनुसार, खाद्य महंगाई के साथ कोर महंगाई में भी तेजी के संकेत मिल रहे हैं। कंपनियां कच्चे माल और उत्पादन की बढ़ती लागत का बोझ ग्राहकों पर डाल रही हैं। इससे रोजमर्रा की दूसरी वस्तुओं और सेवाओं की कीमतें भी बढ़ सकती हैं।

GDP के आंकड़े रह सकते हैं मजबूत

दूसरी ओर, देश की आर्थिक विकास दर भी मजबूत बनी हुई है। नोमुरा का अनुमान है कि 30 नवंबर को जारी होने वाले चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के GDP आंकड़े 7.5 फीसदी से ज्यादा रह सकते हैं। जबकि आरबीआई ने इसके 7.2 फीसदी रहने का अनुमान लगाया है। ब्रोकरेज का कहना है कि जब अर्थव्यवस्था की रफ्तार अच्छी हो और महंगाई भी बढ़ रही हो, तो ब्याज दरों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी करने का तर्क कमजोर पड़ जाता है।

25 या 50 बेसिस पॉइंट, क्या हो सकता है RBI का फैसला?

नोमुरा ने दिसंबर की मौद्रिक नीति बैठक के लिए तीन संभावित फैसलों का आकलन किया है।

पहली संभावना: 0.25% की बढ़ोतरी

ब्रोकरेज ने इस फैसले की संभावना 40 फीसदी मानी है। बाजार में भी फिलहाल इसी तरह की बढ़ोतरी की उम्मीद है। इससे बाजार और कर्ज लेने वालों पर अचानक ज्यादा दबाव नहीं पड़ेगा। हालांकि, अगर आने वाले महीनों में महंगाई ऊंचे स्तर पर बनी रहती है, तो छोटी बढ़ोतरी को लेकर आरबीआई की रणनीति पर सवाल उठ सकते हैं। इससे यह संदेश जा सकता है कि केंद्रीय बैंक महंगाई पर लगाम लगाने में पीछे रह गया है।

दूसरी संभावना: 0.50% की बढ़ोतरी

नोमुरा के मुताबिक, यह सबसे संभावित फैसला है। ब्रोकरेज ने इस विकल्प की संभावना 55 फीसदी बताई है। इसके तहत आरबीआई रेपो रेट बढ़ाने के साथ अपनी मौजूदा सख्त मौद्रिक नीति का रुख भी बरकरार रख सकता है। इससे महंगाई पर काबू पाने और बाजार में भविष्य की कीमतों को लेकर बनी उम्मीदों को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

तीसरी संभावना: 0.50 फीसदी बढ़ोतरी के साथ रुख में बदलाव

इस विकल्प की संभावना नोमुरा ने सिर्फ 5 फीसदी मानी है। इसके तहत आरबीआई ब्याज दरें बढ़ाने के साथ अपनी मौद्रिक नीति का रुख बदलकर न्यूट्रल कर सकता है। ऐसा होने पर बाजार को संकेत मिल सकता है कि ब्याज दरें बढ़ाने का मौजूदा दौर खत्म होने वाला है। हालांकि, इससे बड़ी बढ़ोतरी का असर कुछ कम हो सकता है। कुल मिलाकर नोमुरा ने 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना 60 फीसदी और 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की संभावना 40 फीसदी बताई है। 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी वाले अनुमान में MPC के 6 में से 5 सदस्यों के समर्थन की संभावना भी जताई गई है।

Updated on:
28 Nov 2026, 12:09 PM IST
Published on: