27 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Business / Gold Vs Silver: 2027 में सोना देगा ज्यादा रिटर्न या चांदी मारेगी बाजी? जानिए एक्सपर्ट्स की राय

Gold Vs Silver: 2027 में सोना देगा ज्यादा रिटर्न या चांदी मारेगी बाजी? जानिए एक्सपर्ट्स की राय

Gold Silver Outlook 2027: नवंबर में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद जोरदार रिकवरी आई है। अब 2027 में दोनों धातुओं के रिटर्न को लेकर चर्चा तेज है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, चांदी में ज्यादा तेजी की संभावना है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pawan Jayaswal

•

Updated: 27 Nov 2026, 5:53 PM IST

Gold Silver Price Today

सोने-चांदी की कीमतों में रिकवरी देखने को मिली है। (PC: AI)

Gold Silver Price: सोना और चांदी में निवेश करने वालों के लिए 2027 काफी अहम हो सकता है। इस साल नवंबर में दोनों कीमती धातुओं में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। MCX पर नवंबर के दौरान सोना करीब 13 फीसदी और चांदी लगभग 20 फीसदी टूट गई। हालांकि, महीने के आखिरी दिनों में दोनों धातुओं ने जोरदार वापसी की है। अब निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि 2027 में सोने पर दांव लगाना फायदेमंद रहेगा या चांदी ज्यादा कमाई करा सकती है? बाजार के जानकारों का मानना है कि चांदी में सोने के मुकाबले ज्यादा तेजी की गुंजाइश हो सकती है। लेकिन इसके साथ कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव का जोखिम भी रहेगा।

नवंबर में क्यों गिरे सोने-चांदी के भाव?

नवंबर में सोने और चांदी पर बिकवाली का दबाव बना रहा। अमेरिकी डॉलर की मजबूती, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और अमेरिका में ब्याज दरों को लेकर सख्त रुख की आशंका ने कीमती धातुओं की कीमतों को नीचे खींचा। हालांकि, शुक्रवार 27 नवंबर को दोनों धातुओं में जोरदार रिकवरी देखने को मिली। कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों ने निचले स्तर पर खरीदारी की। इसके अलावा शॉर्ट कवरिंग से भी भाव को सपोर्ट मिला।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 2.7 फीसदी उछलकर 3,663.52 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले इसी सप्ताह सोना एक साल से ज्यादा समय के निचले स्तर पर चला गया था। चांदी में इससे भी ज्यादा तेजी रही। इसका भाव करीब 6.5 फीसदी बढ़कर 44.18 डॉलर प्रति औंस हो गया। घरेलू वायदा बाजार MCX पर भी दोनों धातुओं में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। 27 नवंबर को दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 2.37 फीसदी बढ़कर 1,24,856 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी का वायदा भाव 5.3 फीसदी उछलकर 1,53,579 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, इस तेजी के बावजूद सोना और चांदी जनवरी में बने अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे हैं।

2027 में सोने-चांदी की कीमतों को कौन से फैक्टर करेंगे प्रभावित?

अगले साल कीमती धातुओं की दिशा काफी हद तक अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से तय होगी। अगर अमेरिका में महंगाई कम होती है और ब्याज दरों में आगे बढ़ोतरी की आशंका घटती है तो डॉलर कमजोर हो सकता है। इसका फायदा सोने और चांदी दोनों को मिल सकता है। 2027 में सोने की चाल इस बात पर निर्भर करेगी कि अमेरिका से आने वाले आर्थिक आंकड़े फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदों को किस दिशा में ले जाते हैं।

सोने की मांग को केंद्रीय बैंकों की खरीदारी, दुनिया में जारी तनाव और निवेश की मांग से भी मजबूती मिल सकती है। Kotak Neo की AVP कमोडिटी रिसर्च कायनात चेनवाला के मुताबिक, 2026 में भी केंद्रीय बैंकों की ओर से सोने की खरीदारी मजबूत बनी रही। इस साल के शुरुआती 9 महीनों में केंद्रीय बैंकों की आधिकारिक खरीदारी 675 टन तक पहुंच गई।

चांदी के लिए क्यों बन सकती है तेजी की संभावना?

चांदी की खासियत यह है कि इसका इस्तेमाल सिर्फ निवेश और गहने बनाने तक सीमित नहीं है। सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बिजली से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर और नई तकनीकों में भी इसकी मांग रहती है। अगर अगले साल वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार आता है और औद्योगिक गतिविधियां तेज होती हैं तो चांदी की मांग बढ़ सकती है। इससे इसकी कीमतों को सपोर्ट मिलने की संभावना है।

2027 में किसमें ज्यादा रिटर्न की संभावना, सोना या चांदी?

अगर अगले साल वैश्विक अर्थव्यवस्था की स्थिति बेहतर होती है तो चांदी सोने के मुकाबले ज्यादा रिटर्न दे सकती है। इसके पीछे गोल्ड-सिल्वर रेश्यो भी एक अहम वजह है। कायनात चेनवाला के मुताबिक, फिलहाल गोल्ड-सिल्वर रेश्यो करीब 87 के आसपास है, जबकि इसका ऐतिहासिक औसत लगभग 60 से 70 के बीच रहा है। इसका मतलब है कि सोने की तुलना में चांदी की कीमत में तेजी की ज्यादा गुंजाइश हो सकती है। इसके अलावा चांदी की सप्लाई में कमी भी इसकी कीमतों को सपोर्ट दे सकती है। अगर निवेश की मांग बढ़ती है, तो चांदी में तेजी की संभावना और मजबूत हो सकती है।

हालांकि, चांदी के साथ एक बड़ा जोखिम भी जुड़ा है। इसकी कीमतें औद्योगिक गतिविधियों पर ज्यादा निर्भर करती हैं। अगर फैक्ट्रियों और दूसरे उद्योगों से मांग कमजोर पड़ती है तो चांदी की तेजी सीमित हो सकती है। च्वाइस ब्रोकिंग की कमोडिटी टेक्निकल एनालिस्ट कावेरी मोरे भी मानती हैं कि 2027 में चांदी में सोने से ज्यादा रिटर्न देने की क्षमता हो सकती है। लेकिन इसमें उतार-चढ़ाव भी ज्यादा रहेगा। उनके मुताबिक, वैश्विक आर्थिक विकास स्थिर रहने, औद्योगिक मांग बढ़ने और निवेशकों की वापसी से चांदी को फायदा मिल सकता है। दूसरी ओर, ETF से पैसा निकलने, औद्योगिक मांग में कमजोरी और सट्टेबाजी से कीमतों में तेज बदलाव आ सकता है।