
टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल से जुड़े एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड ने अपना पहले पेमेंट बैंक शुरू किया। कंपनी ने राजस्थान से देश के पहले पेमेंट बैंक की शुरुआत की है। इसमें बचत खाते में जमा पर 7.5 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा। कमर्शियल बैंकों में 4 से 6 फीसदी के बीच ब्याज दिया जाता हैं।
बैंक के प्रबंध निदेशक शशि अरोड़ा ने बताया कि अभी राजस्थान में पायलट तौर परिचालन शुरू किया गया है। राज्य में स्थिति दस हजार एयरटेल रिटेल आउटलेट बैंकिंग प्वाइंट के तौर पर काम करेंगे और ग्राहकों को बैंकिंग सेवाएं देंगे।
उन्होंने कहा कि एयरटेल के रिटेल आउटलेट पर बैंक खाते खुलवाए जा सकते हैं। आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया से खाते खोले जाएंगे और इसके अलावा किसी दूसरे दस्तावेज की जरूरत नहीं है।
उनका बैंक पूरी तरह से डिजिटल और पेपरलेस है। ग्राहकों को नकद जमा करने और निकालने की सेवाएं भी मिलेगी। एयरटेल मोबाइल नंबर ही ग्राहक का खाता नंबर होगा।
बचत खाताधारकों को एक लाख रुपए का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा मिलेगा। शुरुआत में 10 हजार एयरटेल आउटलेट में बैंकिंग सुविधाएं मुहैया कराई जाने की उम्मीद है।
एयरटेल पेमेंट बैंक की योजना इस साल के आखिर तक अपने कारोबारी नेटवर्क को राजस्थान में एक लाख शाखाओं तक ले जाने का है। पेमेंट बैंक में अभी ऋण देने की सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है। हालांकि लोन की सुविधा दी गई है, लेकिन वो भी बोर्ड से मंजूरी के बाद।