कारोबार

Hyundai और TaTa Motors की कारें 1 दिसंबर से होंगी महंगी, Audi ने भी किया कीमतें बढ़ाने का ऐलान, जानें क्या वजह बता रही कंपनियां

Hyundai Car Price Hike: हुंडई मोटर इंडिया की चुनिंदा कारें 1 दिसंबर 2026 से 8,000 रुपये तक महंगी होंगी। वहीं, ऑडी इंडिया जनवरी 2027 से अपनी कारों के दाम 2% तक बढ़ाएगी। बढ़ती लागत को इसकी वजह बताया गया है।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 4:14 PM IST
Hyundai Car Price Hike
हुंडई ने अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने की घोषणा की है। (PC: AI)

Audi Car Price Hike: अगर आप Hyundai, TaTa Motors या Audi की कार खरीदने की योजना बना रहे हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। इन दोनों कंपनियों की कारें महंगी होने जा रही हैं। हुंडई मोटर इंडिया ने 1 दिसंबर 2026 से अपनी चुनिंदा कारों की कीमतों में 8,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। वहीं, लग्जरी कार मैन्यूफैक्चरर ऑडी इंडिया भी 1 जनवरी 2027 से अपनी पूरी कार रेंज की कीमतें 2% तक बढ़ाएगी। कंपनियों का कहना है कि उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल और अन्य जरूरी चीजों की लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। हालांकि, दोनों कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर अलग-अलग रणनीति अपनाई है।

हुंडई की कारों की कीमतों में होगी 8000 रुपये तक की बढ़ोतरी

हुंडई मोटर इंडिया ने मंगलवार, 24 नवंबर को कीमतें बढ़ाने की जानकारी दी। कंपनी के मुताबिक, 1 दिसंबर से चुनिंदा मॉडल की कीमतों में अधिकतम 8,000 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। यह बढ़ोतरी सभी कारों पर एक समान लागू नहीं होगी। अलग-अलग मॉडल और उनके वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में बदलाव किया जाएगा। यानी कार खरीदने वालों को यह देखना होगा कि उनके पसंदीदा मॉडल और वेरिएंट की कीमत कितनी बढ़ रही है। कंपनी ने ग्राहकों को पहले ही इस फैसले की जानकारी दे दी है, ताकि वे नई कीमतें लागू होने से पहले खरीदारी की योजना बना सकें।

टाटा मोटर्स ने भी की कीमतें बढ़ाने की घोषणा

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की कारें 1 दिसंबर से महंगी हो जाएंगी। TMPV ने मंगलवार को अपने सभी वाहनों की कीमतों में बदलाव का ऐलान किया। कंपनी 1 दिसंबर से अपनी पूरी कार रेंज की कीमतों में 0.5% की बढ़ोतरी करेगी। कंपनी के मुताबिक, कीमतों में यह बढ़ोतरी पेट्रोल-डीजल से चलने वाली कारों (ICE) और इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) दोनों पर लागू होगी। हालांकि, अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में बढ़ोतरी अलग-अलग होगी।

Audi की कारें भी होंगी महंगी, 2% तक बढ़ेंगे दाम

हुंडई के बाद जर्मनी की लग्जरी कार कंपनी ऑडी ने भी कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। ऑडी इंडिया की कारें 1 जनवरी 2027 से 2% तक महंगी हो जाएंगी। कंपनी के सभी मॉडल की एक्स-शोरूम कीमतों में बदलाव किया जाएगा। ऑडी ने 24 नवंबर को जारी बयान में कहा कि बढ़ती लागत के कारण कीमतों में संशोधन जरूरी हो गया है। हालांकि, कंपनी ने इस बढ़ोतरी को सीमित रखने की कोशिश की है।

ऑडी इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर बलबीर सिंह ढिल्लों के मुताबिक, कारोबार को लंबे समय तक बेहतर तरीके से चलाने के लिए कीमतों में बदलाव जरूरी था। उन्होंने कहा कि कंपनी का ध्यान ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने और ब्रांड पर उनका भरोसा बनाए रखने पर है।

अक्टूबर में Hyundai ने बनाया बिक्री का नया रिकॉर्ड

एक तरफ हुंडई कारों की कीमतें बढ़ाने जा रही है, वहीं दूसरी तरफ कंपनी ने अक्टूबर 2026 में बिक्री का नया रिकॉर्ड भी बनाया है। हुंडई मोटर इंडिया ने इस महीने कुल 82,299 गाड़ियां बेचीं। कंपनी की एक महीने में यह अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री है। सालाना आधार पर इसमें 17.7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। घरेलू बाजार में कंपनी ने 62,799 गाड़ियां बेचीं, जो पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले 16.7% ज्यादा है। वहीं, एक्सपोर्ट में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। इस दौरान कंपनी ने 19,500 गाड़ियों का एक्सपोर्ट किया, जो सालाना आधार पर 21.1% अधिक है। Hyundai Venue के लिए भी अक्टूबर काफी अच्छा रहा। इस मॉडल की घरेलू बाजार में 13,017 यूनिट बिकीं। यह Venue की अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री है। कंपनी ने बिक्री में इस तेजी का क्रेडिट त्योहारी सीजन के दौरान बढ़ी मांग को दिया है। घरेलू बाजार के साथ विदेशी बाजारों में भी गाड़ियों की अच्छी मांग बनी रही।

Updated on:
24 Nov 2026, 4:14 PM IST
Published on: