
Jio Platforms Share Listing: रिलायंस ग्रुप की टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर स्टॉक एक्सचेजों पर अच्छे-खासे प्रीमियम के साथ लिस्ट हुए हैं। कंपनी के शेयर 21.3 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्ट हुए हैं। बीएसई और एनएसई पर कंपनी के शेयर 1358 रुपये पर लिस्ट हुए। इससे आईपीओ के अपर प्राइस बैंड 1119 रुपये की तुलना में निवेशकों को 21.3 फीसदी का मुनाफा हुआ है। लिस्टिंग के बाद जियो प्लेटफॉर्म मार्केट कैप के मामले में भारत की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बन गई है।
लिस्टिंग के बाद जियो प्लेटफॉर्म के शेयर में मामूली गिरावट देखने को मिली। एनएसई पर सुबह 10 बजकर 14 मिनट पर कंपनी का शेयर 0.07 फीसदी या 1 रुपये की गिरावट के साथ 1357 रुपये पर ट्रेड करता दिखा।
जियो प्लेटफॉर्म के शेयरों की लिस्टिंग ग्रे मार्केट के अनुमान के आसपास रही है। ग्रे मार्केट में कंपनी का शेयर 22 फीसदी के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा था। आईपीओ पर नजर रखने वाली वेबसाइटों के मुताबिक, 28 अक्टूबर को जियो प्लेटफॉर्म्स का ग्रे मार्केट प्रीमियम 247 रुपये प्रति शेयर था। ग्रे मार्केट के संकेतों के आधार पर जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर की अनुमानित लिस्टिंग कीमत 1,366 रुपये बताई गई थी। यह 1,119 रुपये के इश्यू प्राइस से करीब 22.07% अधिक था। हालांकि, पिछले 25 कारोबारी सत्रों में इसका GMP उतार-चढ़ाव वाला रहा था। इस दौरान प्रीमियम में करीब 125 रुपये तक का अंतर देखने को मिला था।
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर मिलने वाले निवेशकों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि लिस्टिंग के बाद मुनाफा वसूल लिया जाए या कंपनी की लंबी अवधि की संभावनाओं पर भरोसा करके शेयर रखे जाएं। एसएमसी ग्लोबल सिक्योरिटीज की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट सीमा श्रीवास्तव के मुताबिक, लॉन्ग टर्म में वेल्थ बनाने की योजना रखने वाले निवेशक शेयर को होल्ड करने पर विचार कर सकते हैं। जियो की बाजार में मजबूत स्थिति और उसका बढ़ता डिजिटल कारोबार कंपनी के लिए अहम हैं। टेलीकॉम के साथ-साथ होम ब्रॉडबैंड, एंटरप्राइज सॉल्यूशंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, AI और डिजिटल सेवाओं में विस्तार से भविष्य में कमाई के नए रास्ते खुल सकते हैं। हालांकि, कुछ जोखिमों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इनमें भारती एयरटेल से प्रतिस्पर्धा, कारोबार बढ़ाने के लिए बड़े निवेश की जरूरत और नए बिजनेस से कमाई शुरू होने की रफ्तार शामिल हैं।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)