27 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jio IPO Listing: कल बदल सकता है बाजार का इतिहास, 1,340 पर खुला शेयर तो टाटा ग्रुप को पीछे छोड़ देगा रिलाइंस

JIO IPO News: जियो प्लेटफॉर्म्स की 28 अक्टूबर को लिस्टिंग से बाजार में बड़ा बदलाव संभव। 1,340 रुपये पर शेयर खुलने पर रिलायंस ग्रुप टाटा समूह को पीछे छोड़ सकता है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Mukul Kumar

•

Updated: 27 Oct 2026, 6:16 PM IST

Jio IPO News

कल Jio IPO बदल सकता है बाजार का इतिहास। (फोटो- ANI)

रिलायंस ग्रुप कल जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर (JIO IPO Listing) बाजार में लॉन्च करने जा रहा है। कंपनी का आईपीओ 10.3 लाख करोड़ रुपये की वैल्यूएशन पर आया है।

दिलचस्प बात यह है कि अगर लिस्टिंग के दिन शेयर अपने इश्यू प्राइस से 20 फीसदी तक की बढ़त के साथ बाजार में उतरते हैं, तो जियो प्लेटफॉर्म्स देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन सकती है। इस स्थिति में उसका बाजार मूल्य 12.3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच जाएगा।

जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर लिस्ट होने वाले हैं। निवेशकों के साथ-साथ बाजार की नजरें भी इस लिस्टिंग पर टिकी हैं, क्योंकि इसका असर भारतीय शेयर बाजार की कंपनियों की रैंकिंग पर पड़ सकता है।

27 करोड़ नए शेयर जारी कर जुटाई रकम

जियो प्लेटफॉर्म्स ने आईपीओ में 27 करोड़ नए शेयर जारी किए हैं। इन शेयरों का इश्यू प्राइस 1,119 रुपये प्रति शेयर रखा गया है। इसी कीमत के आधार पर कंपनी की वैल्यूएशन 10.3 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है।

इतनी बड़ी वैल्यूएशन पर आईपीओ लाना भारतीय शेयर बाजार के इतिहास के लिए बेहद खास है। इससे पहले किसी कंपनी ने 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक की वैल्यूएशन पर आईपीओ पेश नहीं किया था।

लिस्टिंग के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बनने का मौका

आईपीओ की कीमत के आधार पर ही जियो प्लेटफॉर्म्स भारत की चौथी सबसे मूल्यवान कंपनी है। इस सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज 16.2 लाख करोड़ रुपये के बाजार मूल्य के साथ पहले स्थान पर है। भारती एयरटेल का बाजार मूल्य 12.2 लाख करोड़ रुपये और एचडीएफसी बैंक का 10.6 लाख करोड़ रुपये है।

अगर जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 1,340 रुपये पर लिस्ट होता है, तो कंपनी का बाजार पूंजीकरण 12.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है। इस स्तर पर वह भारती एयरटेल और एचडीएफसी बैंक को पीछे छोड़कर देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन सकती है। हालांकि, यह पूरी तरह लिस्टिंग के दिन शेयर की वास्तविक कीमत पर निर्भर करेगा।

रिलायंस समूह की कुल वैल्यूएशन 27 लाख करोड़ के पार

जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग का असर सिर्फ कंपनी तक सीमित नहीं रहेगा। इससे मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह की कुल बाजार हैसियत भी बढ़ सकती है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो प्लेटफॉर्म्स की वैल्यूएशन को जोड़ने पर समूह का कुल बाजार मूल्य 27 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाता है। यह आंकड़ा जियो प्लेटफॉर्म्स की आईपीओ वैल्यूएशन के आधार पर है।

टाटा समूह को ऐसे पीछे कर देगा रिलायंस ग्रुप

27 अक्टूबर 2026 तक टाटा समूह की 32 सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण करीब 25.7 लाख करोड़ रुपये है। वहीं, अडानी समूह की 11 सूचीबद्ध कंपनियों का संयुक्त बाजार मूल्य लगभग 16.6 लाख करोड़ रुपये है। इस तुलना में रिलायंस समूह की संयुक्त वैल्यूएशन उसे देश के सबसे मूल्यवान कारोबारी समूहों में सबसे आगे पहुंचा सकती है।

30 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े पर नजर

अगर जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर आईपीओ की कीमत से अच्छे प्रीमियम पर लिस्ट होते हैं, तो रिलायंस समूह का कुल बाजार मूल्य 30 लाख करोड़ रुपये के करीब पहुंच सकता है। भारतीय कॉरपोरेट जगत के लिए यह बड़ी उपलब्धि होगी।