27 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Apple iPhone Duo: ‘फोन खोला तो आई चटकने की आवाज, स्क्रीन पर दिखीं लाइनें’, कई यूजर्स कर रहे शिकायतें, कंपनी देगी नया मोबाइल

iPhone Duo Screen Crack: एपल के पहले फोल्डेबल फोन की स्क्रीन में लाइनें आने की शिकायतें सामने आई हैं। कुछ ग्राहकों के मुताबिक, फोन खोलते समय चटकने की आवाज आई और डिस्प्ले पर लाइनें उभर आईं।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Pawan Jayaswal

•

Updated: 27 Oct 2026, 1:25 PM IST

iPhone Duo screen crack

आईफोन डुओ में स्क्रीन से जुड़ी समस्याएं सामने आई हैं। (PC: AI)

iPhone Duo Screen Crack: एपल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo की स्क्रीन में खराबी आने की शिकायतें बढ़ रही हैं। कई ग्राहकों ने सोशल मीडिया पर बताया कि फोन खरीदने के कुछ घंटे या कुछ दिन बाद ही उसे खोलते समय चटकने जैसी आवाज आई और अंदर की स्क्रीन पर दरारें या चमकदार लाइनें दिखाई देने लगीं। कुछ यूजर्स ने डिस्प्ले पर सफेद धब्बे आने और टच खराब होने की शिकायत भी की है।

फोन बदलवा सकेंगे ग्राहक

एपल ने इस समस्या को स्वीकार किया है। कंपनी ने कहा कि आईफोन डुओ की कुछ यूनिट्स की अंदरूनी स्क्रीन में गड़बड़ी सामने आई है। कंपनी ने प्रभावित ग्राहकों को एपल केयर से संपर्क कर फोन बदलवाने की सलाह दी है। कंपनी का कहना है कि ज्यादातर फोन इस समस्या से प्रभावित नहीं हैं।

फोन खोलते ही स्क्रीन पर आईं लाइनें

इस समस्या की शिकायतें सबसे पहले Reddit और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सामने आईं। ग्राहकों ने फोन की खराब स्क्रीन की तस्वीरें और एपल के कस्टमर केयर सेंटर से हुई बातचीत के सबूत भी शेयर किए। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के सैन डिएगो में रहने वाले टॉम बैटल ने बताया कि फोन खोलते समय उन्हें सामान्य से ज्यादा रुकावट महसूस हुई। फोन खुलने के बाद स्क्रीन पर लाइनें दिखाई देने लगीं। उनके मुताबिक, डिस्प्ले के नीचे कुछ उभरा हुआ या ढीला महसूस हो रहा था।

ग्राहकों ने बताई डिस्प्ले से जुड़ी समस्याएं

कई ग्राहकों को फोन खोलते समय चटकने जैसी आवाज आई। एक यूजर ने एक्स पर लिखा, 'फोन की बाहरी स्क्रीन काम कर रही थी, लेकिन अंदर की स्क्रीन इस्तेमाल करने लायक नहीं रही। फोन में बिना छुए ही टच काम कर रहा था। एक अन्य यूजर ने बताया कि वे एपल न्यूज पढ़ रहे थे। बड़ी स्क्रीन पर पढ़ने के लिए फोन खोला तो बीच में दरार जैसी लाइन और उसके आसपास निशान दिखाई दिए। उनके मुताबिक, फोन के बाहरी हिस्से और स्क्रीन की ऊपरी सतह पर कोई नुकसान नहीं था। समस्या डिस्प्ले के अंदरूनी हिस्से में थी।

एपल को बड़ा झटका

आईफोन डुओ शुक्रवार को बिक्री के लिए आया था। यह एपल का पहला फोल्डेबल फोन है। आईफोन, एपल की कमाई का सबसे बड़ा सोर्स है। आईफोन डुओ में बाहर की तरफ छोटी स्क्रीन दी गई है, जबकि खोलने पर बड़ी स्क्रीन मिलती है। एपल ने इस डिवाइस को विकसित करने में एक दशक से ज्यादा समय लगाया था। कंपनी ने इसके मजबूत डिजाइन, हिंज और डिस्प्ले तकनीक को खास बताया था। हिंज वह हिस्सा है, जिसकी मदद से फोन की स्क्रीन खुलती और मुड़ती है। कंपनी ने स्क्रीन के बीच में पड़ने वाली क्रीज को कम करने पर भी काम किया था। पुराने फोल्डेबल फोन में यह बड़ी चुनौती रही है।

कुछ ग्राहकों को तुरंत मिला रिप्लेसमेंट, कुछ को इंतजार

रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के वर्जीनिया में रहने वाले एक ग्राहक ने बताया कि उनके लोकल एपल स्टोर ने स्क्रीन की समस्या को खराबी मानते हुए फोन बदलने की जरूरत बताई। लेकिन वहां Genius Bar में ग्राहक सहायता के लिए अपॉइंटमेंट उपलब्ध नहीं था। इसके बाद उन्हें दूसरे स्टोर भेजा गया, जहां जांच करके पुष्टि की गई कि फोन को गिरने या किसी बाहरी चोट से नुकसान नहीं पहुंचा था। हालांकि, दूसरे स्टोर में भी नया फोन उपलब्ध नहीं था। इस वजह से ग्राहक को रिप्लेसमेंट के लिए इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि नई तकनीक वाले पहली पीढ़ी के डिवाइस में शुरुआती समस्याएं आना संभव है, लेकिन करीब 1,999 डॉलर की शुरुआती कीमत वाले फोन के लिए रिप्लेसमेंट यूनिट उपलब्ध नहीं होना निराशाजनक है।

एक अन्य ग्राहक जैनम शाह ने बताया कि फोन का हिंज पहले सामान्य लग रहा था। लेकिन एक बार खोलते समय अचानक ज्यादा कड़ा महसूस हुआ। फोन खोलने पर चटकने की आवाज आई और अंदरूनी स्क्रीन पर खड़ी और आड़ी चमकदार लाइनें दिखाई देने लगीं। उन्होंने दावा किया कि फोन न तो गिरा था और न ही उस पर कोई असामान्य दबाव पड़ा था। एपल स्टोर ने उनका फोन तुरंत बदल दिया।

भारत में भी सामने आया ऐसा मामला

चेन्नई में रहने वाले विष्णु राजकुमार ने भी आईफोन डुओ की स्क्रीन में खराबी आने की शिकायत की। उन्होंने पहले वन प्लस और सैमसंग के फोल्डेबल फोन इस्तेमाल किए थे। राजकुमार को फोन खोलते समय असामान्य कसाव महसूस हुआ। उन्होंने थोड़ा ज्यादा जोर लगाया, जिसके बाद स्क्रीन खराब होने लगी। राजकुमार के मुताबिक, शुरुआत में स्क्रीन पर छोटी लाइन दिखाई दी, लेकिन फोन को कई बार मोड़ने पर यह बढ़ती गई। उन्होंने एक ऑथराइज्ड डीलर के पास रिप्लेसमेंट फोन ढूंढ लिया। उनके मुताबिक, नए फोन को इस्तेमाल करने के शुरुआती 24 घंटे में कोई परेशानी नहीं आई थी।