कारोबार

Job Loss Insurance से नौकरी जाने पर मिलेगी आर्थिक मदद, जानिए क्या हैं नियम

AI Layoffs: दुनियाभर में टेक सेक्टर में 2 लाख से ज्यादा कर्मचारियों की नौकरियां जा चुकी हैं। ऐसे में जॉब लॉस इंश्योरेंस आर्थिक मदद दे सकता है। भारत में यह कवर ऐड-ऑन के रूप में मिलता है।
4 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 1:49 PM IST
Job Loss Insurance
नौकरी जाने पर जॉब लॉस इंश्योेंस से आर्थिक मदद मिल सकती है। (PC: AI)

Job Loss Cover: दुनियाभर में टेक्नोलॉजी सेक्टर में छंटनी का सिलसिला जारी है। नवंबर 2026 तक इस साल 2 लाख से ज्यादा टेक कर्मचारियों की नौकरियां जा चुकी हैं। ऐसे में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारण नौकरी जाने की आशंका से जूझ रहे कर्मचारियों के सामने सबसे बड़ी चिंता घर का खर्च, EMI और दूसरी आर्थिक जिम्मेदारियां पूरी करने की है। ऐसे मुश्किल समय में जॉब लॉस इंश्योरेंस कुछ राहत दे सकता है। यह कवर नौकरी जाने के बाद कुछ समय तक आर्थिक मदद उपलब्ध कराता है। हालांकि, हर कर्मचारी को इसका फायदा नहीं मिलता। बीमा कंपनी किन कारणों से नौकरी जाने पर क्लेम स्वीकार करेगी, यह पॉलिसी की शर्तों पर निर्भर करता है।

टेक सेक्टर में 2 लाख से ज्यादा लोगों की गई नौकरी

TrueUp के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल नवंबर तक दुनियाभर की टेक इंडस्ट्री में छंटनी की 742 घटनाएं हुईं। इनमें कुल 2,09,841 कर्मचारियों की नौकरियां गईं। यानी टेक कंपनियों ने इस साल हर दिन औसतन करीब 642 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला। 2025 में यह आंकड़ा रोजाना करीब 579 कर्मचारियों का था। हालांकि, इन आंकड़ों में एआई के कारण हुई छंटनी और दूसरे कारणों से हुई छंटनी के बीच अंतर नहीं किया गया है। इसमें टेक इंडस्ट्री की सभी तरह की नौकरी कटौती शामिल है।

क्या भारत में नौकरी जाने पर मिलता है इंश्योरेंस?

भारत में जॉब लॉस इंश्योरेंस आमतौर पर अलग से नहीं खरीदा जा सकता। पैसाबाजार के मुताबिक, यह दूसरी बीमा पॉलिसियों के साथ ऐड-ऑन कवर के तौर पर मिलता है। इसे होम इंश्योरेंस, एक्सीडेंट कवर या क्रिटिकल इलनेस इंश्योरेंस के साथ लिया जा सकता है। इस कवर का मकसद नौकरी जाने के बाद कुछ समय तक आर्थिक मदद देना है। इससे होम लोन की EMI और दूसरी जरूरी देनदारियों को पूरा करने में सहायता मिल सकती है। कुछ पॉलिसीज में अधिकतम तीन महीने तक आर्थिक मदद मिलने का प्रावधान होता है।

किन कर्मचारियों को मिल सकता है जॉब लॉस कवर?

इस इंश्योरेंस का फायदा लेने के लिए कुछ शर्तें पूरी करना जरूरी है। आमतौर पर किसी रजिस्टर्ड कंपनी में सैलरी पर काम करने वाले कर्मचारी ही इस कवर के लिए पात्र होते हैं। खुद का कारोबार करने वाले यानी सेल्फ-एम्प्लॉयड लोगों को इस कवर का फायदा नहीं मिलता। इसके अलावा कैजुअल, सीजनल, अस्थायी और कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों को भी आमतौर पर इसके दायरे से बाहर रखा जाता है। सिर्फ पॉलिसी खरीद लेना ही काफी नहीं है। नौकरी जाने की वजह भी क्लेम मिलने या खारिज होने में अहम भूमिका निभाती है।

AI के कारण नौकरी गई तो मिलेगा इंश्योरेंस का पैसा?

यह सवाल इस समय काफी अहम है। अगर किसी कंपनी ने एआई तकनीक अपनाने के बाद कर्मचारियों की संख्या घटाई है तो प्रभावित कर्मचारी को अपनी पॉलिसी की शर्तें ध्यान से देखनी चाहिए। कुछ पॉलिसियों में गंभीर बीमारी या दुर्घटना के कारण दिव्यांगता होने पर नौकरी जाने की स्थिति को कवर किया जा सकता है। इसके अलावा कंपनी की ओर से नौकरी खत्म करने या अस्थायी रूप से काम से हटाने की कुछ स्थितियां भी कवर में शामिल हो सकती हैं। हालांकि, AI के कारण नौकरी जाने पर क्लेम मिलेगा या नहीं, इसका कोई एक सामान्य नियम नहीं है। यह संबंधित पॉलिसी की शर्तों पर निर्भर करेगा। कई बार कंपनियां छंटनी के पीछे एआई को सीधे कारण नहीं बतातीं। ऐसे मामलों में टर्मिनेशन लेटर में दी गई वजह और पॉलिसी की शर्तें अहम हो जाती हैं।

इन परिस्थितियों में नहीं मिलेगा क्लेम

जॉब लॉस इंश्योरेंस में कुछ ऐसी स्थितियां भी हैं, जिनमें बीमा कंपनी क्लेम देने से इनकार कर सकती है।

वेटिंग पीरियड: पॉलिसी शुरू होने के बाद 30 से 90 दिन तक का वेटिंग पीरियड हो सकता है। इस दौरान नौकरी जाने पर क्लेम नहीं मिलेगा।
प्रोबेशन पीरियड: अगर कर्मचारी की नौकरी प्रोबेशन के दौरान जाती है तो उसे कवर का फायदा नहीं मिलेगा।
खुद से नौकरी छोड़ना: अपनी मर्जी से इस्तीफा देने या रिटायरमेंट लेने पर क्लेम नहीं मिलता।
खराब प्रदर्शन: काम में खराब प्रदर्शन के कारण कंपनी नौकरी से निकालती है तो क्लेम खारिज हो सकता है।
धोखाधड़ी: बेईमानी या फ्रॉड के कारण नौकरी जाने पर भी बीमा का पैसा नहीं मिलेगा।

इसलिए पॉलिसी खरीदने से पहले जॉब लॉस से जुड़े नियमों को अच्छी तरह पढ़ना जरूरी है। खासकर यह देखना चाहिए कि कंपनी की ओर से किस तरह की छंटनी को बीमा कवर में शामिल किया गया है।

जॉब लॉस इंश्योरेंस का क्लेम कैसे करें?

अगर आपकी नौकरी चली जाती है और आप पॉलिसी की शर्तों के मुताबिक क्लेम के पात्र हैं तो सबसे पहले बीमा कंपनी को लिखित में इसकी जानकारी दें। इसके साथ बेरोजगार होने का प्रमाण और जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। क्लेम के लिए आमतौर पर इन दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है:

  1. बीमा कंपनी का हस्ताक्षर किया हुआ क्लेम फॉर्म।
  2. कंपनी की ओर से जारी टर्मिनेशन लेटर।
  3. पिछले तीन महीने की सैलरी स्लिप।
  4. फॉर्म 16
  5. पुराने नियोक्ता यानी कंपनी से संपर्क करने के लिए जरूरी डिटेल।
  6. बीमा पॉलिसी की कॉपी।
  7. पहचान और उम्र का प्रमाण।

बीमा कंपनी इन दस्तावेजों की जांच करेगी। जरूरत पड़ने पर नौकरी खत्म होने की वजह से जुड़े अतिरिक्त दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं। इसके बाद ही क्लेम पर फैसला लिया जाएगा।

पॉलिसी लेने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

जॉब लॉस इंश्योरेंस नौकरी जाने के बाद कुछ समय तक आर्थिक सपोर्ट दे सकता है, लेकिन इसे पूरी तरह आय का विकल्प नहीं समझना चाहिए। पॉलिसी खरीदते समय यह जरूर देखें कि नौकरी जाने की किन परिस्थितियों में पैसा मिलेगा और कितने समय तक मिलेगा। इसके अलावा वेटिंग पीरियड, क्लेम की शर्तें और भुगतान की अवधि भी समझ लें। खासकर अगर आपकी कंपनी में एआई के इस्तेमाल के कारण कर्मचारियों की भूमिका बदल रही है या छंटनी की आशंका है तो पॉलिसी के जॉब लॉस क्लॉज को ध्यान से पढ़ना जरूरी है।

Updated on:
27 Nov 2026, 1:49 PM IST
Published on: