कारोबार

LPG Black Market Price: गैस संकट के बीच ब्लैक मार्केट में 3000 रुपये तक में मिल रहा सिलेंडर, जानिए आपके शहर में रेट

LPG Black Market Price: भारत में कुल एलपीजी खपत का लगभग 62% हिस्सा विदेशों से आयात किया जाता है। भारत हर साल लगभग 31.3 मिलियन टन एलपीजी का उपभोग करता है।

2 min read
Mar 12, 2026
LPG Black Market Price
एलपीजी सिलेंडर ब्लैक मार्केट में काफी महंगा मिल रहा है। (PC: AI)

LPG Black Market Price: नेचुरल गैस की आपूर्ति में बाधाओं के चलते भारत के कई शहरों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी देखी जी रही है। रेस्टोरेंट्स, होटल और ढाबे वाले परेशान हैं। इंडक्शन और लखड़ी से खाना पकाना पड़ रहा है। रेस्टोरेंट, कैटरर्स, घरों और यहां तक कि मंदिरों की रसोई में भी सिलेंडर की सप्लाई में देरी की शिकायतें देशभर से मिल रही हैं।

केंद्र सरकार ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि घरेलू एलपीजी की सप्लाई सेफ है। साथ ही राज्यों को डिस्ट्रीब्यूशन पर कड़ी निगरानी रखने और जमाखोरी या ब्लैक मार्केटिंग रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, सप्लाई को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच कई शहरों से ऐसी खबरें आ रही हैं कि सिलेंडर ब्लैक मार्केट में अधिक कीमतों पर बेचे जा रहे हैं। कुछ जगहों पर कमर्शियल सिलेंडर आधिकारिक कीमत से लगभग दोगुनी कीमत पर मिल रहे हैं।

ब्लैक मार्केट में किस भाव बिक रहा एलपीजी सिलेंडर

  • दिल्ली-एनसीआर में घरेलू सिलेंडर ब्लैक मार्केट में 1,400 से 1,500 रुपये में बिक रहे हैं।
  • बरेली में घरेलू सिलेंडर आधिकारिक कीमत से 200 से 500 रुपये ज्यादा में बिक रहे हैं।
  • गाजियाबाद में कुछ जगहों पर घरेलू सिलेंडर 100 रुपये ज्यादा कीमत पर मिल रहे हैं।
  • मुंबई में कमर्शियल सिलेंडर 2,800 से 3,000 रुपये तक में मिल रहे हैं।
  • हैदराबाद में कमर्शियल सिलेंडर करीब 3,000 रुपये में मिल रहा है।
  • बेंगलुरु में ब्लैक मार्केट में गैस सिलेंडर की कीमत सामान्य दर से लगभग 1.5 गुना तक अधिक है।
  • कोलकाता में कुछ इलाकों में कमर्शियल सिलेंडर 3,000 रुपये तक में मिल रहा है।
  • पटना में घरेलू सिलेंडर 1,500 से 1,800 रुपये में और कमर्शियल सिलेंडर 3,000 से 3,200 रुपये में मिल रहा है।

घर में कितने एलपीजी सिलेंडर रखना लीगल है?

किसी भी घर में एक समय में दो घरेलू एलपीजी सिलेंडर कनेक्टेड रखे जा सकते हैं। इसके अलावा एक अतिरिक्त स्पेयर सिलेंडर बैकअप के रूप में रखने की अनुमति है। बिना उचित अनुमति के इससे ज्यादा सिलेंडर रखने पर पेट्रोलियम और सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई और जुर्माना हो सकता है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सिलेंडरों की जमाखोरी न करें और केवल अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर से ही रिफिल लें।

ब्लैक मार्केटिंग पर कार्रवाई के निर्देश

कई शहरों में कमी की खबरों के बीच केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों, उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस प्रमुखों के साथ एक वर्चुअल बैठक की। अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने राज्यों को निर्देश दिया कि एलपीजी सप्लाई और वितरण पर कड़ी निगरानी रखें। जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकें और एलपीजी बिक्री के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखें।

भारत में एलपीजी की खपत

भारत हर साल लगभग 31.3 मिलियन टन एलपीजी का उपभोग करता है। इसमें से करीब 87% घरेलू इस्तेमाल में आता है, बाकी होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में उपयोग होता है। कुल खपत का लगभग 62% हिस्सा विदेशों से आयात किया जाता है।

Published on:
12 Mar 2026 01:19 pm