
अगर आप अपना बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, लेकिन पैसों का इंतजाम नहीं हो पा रहा तो एक सरकारी स्कीम आपके काफी काम आ सकती है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY)के तहत छोटा कारोबार शुरू करने या पहले से चल रहे बिजनेस को आगे बढ़ाने की योजना बना रहे लोगों को लोन दिया जाता है। यह लोन काफी कम ब्याज दर पर मिलता है। सरकार ने इस योजना के तहत मिलने वाले लोन की क्रेडिट गारंटी स्कीम को अगले 5 साल के लिए बढ़ा दिया है। अब यह योजना 31 मार्च 2031 तक जारी रहेगी। सरकार के इस फैसले से आने वाले पांच वर्षों में करीब 12.6 लाख करोड़ रुपये के मुद्रा लोन को क्रेडिट गारंटी का समर्थन मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत छोटे कारोबारियों को बिना किसी गारंटी या संपत्ति गिरवी रखे लोन लेने की सुविधा मिलती है। लेकिन छोटे कारोबारियों को लोन देने में बैंकों को नुकसान का जोखिम रहता है। इसी जोखिम को कम करने के लिए सरकार ने क्रेडिट गारंटी स्कीम शुरू की थी। इसके तहत बैंक और अन्य वित्तीय संस्थानों को छोटे कारोबारियों को दिए गए लोन पर गारंटी कवर मिलता है। अगर कोई कर्जदार लोन चुकाने में असफल रहता है तो नेशनल क्रेडिट गारंटी ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड (NCGTC) बैंक के संभावित नुकसान का एक हिस्सा कवर करती है। इससे बैंकों का जोखिम कम होता है और वे छोटे कारोबारियों को लोन देने के लिए प्रोत्साहित होते हैं।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की शुरुआत अप्रैल 2015 में हुई थी। इस योजना के तहत अब तक करोड़ों लोगों को अपना कारोबार शुरू करने और बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद मिली है। सितंबर 2026 तक मुद्रा योजना के तहत 60.36 करोड़ से ज्यादा लोन मंजूर किए जा चुके हैं। इनकी कुल राशि 43.34 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं, जनवरी 2016 में शुरू हुई क्रेडिट गारंटी फंड योजना ने छोटे कारोबारियों तक मुद्रा लोन पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
शिशु लोन- इस कैटेगरी में बिजनेस के शुरुआती स्तर के लिए 50,000 रुपये तक के लोन दिये जाते हैं।
किशोर लोन- इस कैटेगरी में बिजनेस के विस्तार के लिए 50,001 से 5 लाख रुपये तक के लोन दिये जाते हैं।
तरुण लोन- इस कैटेगरी में स्टेबल कारोबारों को बड़े लेवल पर ले जाने के लिए 5 से 10 लाख रुपये तक के लोन दिये जाते हैं।
तरुण प्लस लोन- इस कैटेगरी में तरुण लोन को अच्छे से चुकाने वाले उद्यमियों को 10 से 20 लाख रुपये तक के लोन दिये जाते हैं।
मुद्रा योजना का मकसद ऐसे लोगों को आर्थिक मदद देना है, जो अपना छोटा कारोबार शुरू करना चाहते हैं, लेकिन उनके पास बैंक से लोन लेने के लिए कोई संपत्ति गिरवी रखने का विकल्प नहीं है। इस योजना के जरिए दुकान, छोटी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, सर्विस बिजनेस और दूसरे छोटे कारोबार शुरू करने या उनका विस्तार करने के लिए लोन लिया जा सकता है।
कोई भी भारतीय नागरिक जो गैर-कृषि गतिविधियों से बिजनेस शुरू करना चाहता है, इस योजना में आवेदन दे सकता है। कमर्शियल बैंकों, स्मॉल फाइनेंस बैंकों, ग्रामीण बैंकों, एनबीएफसी या माइक्रोफाइनेंस संस्थानों के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। आप उद्यमीमित्र पोर्टल या जनसमर्थ पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। बड़े लोन के लिए एमएसएमई पोर्टल पर जाकर अपने बिजनेस का रजिस्ट्रेशन करना होता है।