
NSE Share Price: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का शेयर आज बीएसई पर लिस्ट हो गया है। यह बीएसई पर 0.84 फीसदी के प्रीमियम के साथ 1800 रुपये पर लिस्ट हुआ है। ग्रे मार्केट में भी एनएसई के शेयर में कुछ खास प्रीमियम देखने को नहीं मिला था। इन्वेस्टर गेन के अनुसार, लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट में 2.13 फीसदी का प्रीमियम देखने को मिल रहा था। आईपीओ में प्राइस बैंड 1700 से 1785 रुपये प्रति शेयर रखा गया था। ग्रे मार्केट में जिस प्रीमियम की उम्मीद थी, लिस्टिंग उससे भी कम रही है।
लिस्टिंग के बाद एनएसई के शेयर में खरीदारी देखने को मिली। सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर यह 3.16 फीसदी या 56.80 रुपये की बढ़त के साथ 1856.80 रुपये पर ट्रेड करता दिखा। इससे आईपीओ निवेशकों को कुल 4.02 फीसदी का फायदा होता दिखा।
NSE की लिस्टिंग के साथ ही कंपनी का बाजार पूंजीकरण 4.61 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। इस आंकड़े के साथ एनएसई भारत का दूसरा लिस्टेड स्टॉक एक्सचेंज बन गया है। खास बात यह है कि एनएसई का मार्केट कैप पहले से लिस्टेड BSE के करीब 1.33 लाख करोड़ रुपये के मुकाबले काफी बड़ा है।
एनएसई ने आईपीओ के जरिए 22,562 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई थी। हालांकि, यह पूरा इश्यू ऑफर फॉर सेल था। इसका सीधा मतलब है कि आईपीओ से मिलने वाला पैसा एनएसई के पास नहीं जाएगा। शेयर बेचने वाले मौजूदा शेयरधारकों को ही आईपीओ की रकम मिलेगी। आईपीओ खुलने से एक दिन पहले एनएसई ने एंकर निवेशकों से करीब 6,746 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसमें 150 से ज्यादा एंकर निवेशकों ने हिस्सा लिया था।
एनएसई की शेयर बाजार में लिस्टिंग लंबे समय से चर्चा में थी। कंपनी को इससे पहले कई नियामकीय अड़चनों और प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ा। आखिरकार एनएसई के शेयरों की लिस्टिंग के साथ यह लंबा इंतजार खत्म हो गया। अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि लिस्टिंग के बाद एनएसई के शेयर किस तरह कारोबार करते हैं और कंपनी का प्रदर्शन आगे कैसा रहता है।
केजरीवाल रिसर्च एंड इन्वेस्टमेंट सर्विसेस के संस्थापक अरुण केजरीवाल के मुताबिक, एनएसई के फंडामेंटल मजबूत हैं। उनका कहना है कि एनएसई भारतीय अर्थव्यवस्था की ग्रोथ से जुड़ा बिजनेस है और लंबी अवधि के नजरिए से एनएसई के शेयरों को होल्ड करने पर विचार किया जा सकता है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)