
ब्यूटी और फैशन प्रोडक्ट्स बेचने वाली कंपनी नायका के लिए वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही काफी अच्छी रही है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 207 फीसदी बढ़कर 101 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, ऑपरेशन से होने वाले रेवेन्यू में 28 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कंपनी ने इस दौरान अपने ब्यूटी और फैशन दोनों कारोबार में अच्छी ग्रोथ हासिल की है। नायका की पैरेंट कंपनी FSN E-Commerce Ventures ने बुधवार को जुलाई-सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का ऑपरेशन से राजस्व बढ़कर 3,006 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,346 करोड़ रुपये था।
कंपनी का रेवेन्यू बढ़ने के साथ मुनाफे में भी सुधार हुआ है। दूसरी तिमाही में EBITDA 65 फीसदी बढ़कर 263 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह 158 करोड़ रुपये था। एबिटडा मार्जिन में भी सुधार देखने को मिला है। यह पिछले साल के 6.8 फीसदी से बढ़कर 8.7 फीसदी पर पहुंच गया है।
नायका के कारोबार में बढ़ोतरी का अंदाजा ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) से भी लगाया जा सकता है। दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड GMV सालाना आधार पर 30 फीसदी बढ़कर 6,151 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, कंपनी का ग्रॉस प्रॉफिट 31 फीसदी बढ़कर 1,382 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 1,054 करोड़ रुपये था। इस दौरान ग्रॉस प्रॉफिट मार्जिन 46 फीसदी रहा। मुनाफे के मोर्चे पर भी कंपनी ने बेहतर परफॉर्म किया। दूसरी तिमाही में प्रॉफिट बिफोर टैक्स (PBT) 168 फीसदी बढ़कर 149 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, टैक्स चुकाने के बाद कंपनी का शुद्ध मुनाफा यानी प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) 207 फीसदी बढ़कर 101 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
नायका के ब्यूटी कारोबार में अच्छी तेजी जारी है। कंपनी के मुताबिक, नए ग्राहकों की संख्या बढ़ने और मौजूदा ग्राहकों की ओर से प्रीमियम प्रोडक्ट्स की खरीदारी बढ़ने से इस कारोबार को सपोर्ट मिला है। दूसरी तिमाही में ब्यूटी कारोबार का ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) 4,454 करोड़ रुपये रहा। वहीं, इस सेगमेंट की नेट सेल्स वैल्यू (NSV) में सालाना आधार पर 28 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। ब्यूटी कारोबार का एबिटडा भी 51 फीसदी बढ़ा।