
नई दिल्ली। पिछले दो दिनों से शेयर बाजार में गिरावट का असर दिखने के बाद गुरुवार को शेयर बाजार में तेजी दिख सकती है। इसका कारण है नरेंद्र मोदी का शपथ ग्रहण समारोह। आज शाम को पता चल जाएगा कि नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में कौन से कौन से चेहरे होंगे। जिसका असर शेयर बाजार पर भी दिखाई दे सकता है। बात में कोई शक नहीं है कि देश में एक मजबूत सरकार बनने जा रही है। जिसे अगले पांच सालों तक कोई हिला नहीं सकता है। जिसका फायदा निवेशकों को मिलेगा। आज देखने वाली बात होगी शेयर बाजार किस करवट की बैठता है।
नीरव मोदी को कोर्ट के सामने किया जाएगा पेश
वहीं दूसरी ओर 13 हजार से ज्यादा का पीएनबी बैंक घोटाले के मुख्य आरोपी हीरा कारोबारी नीरव मोदी को गुरुवार यानी आज लंदन की अदालत में पेश किया जाएगा। नीरव मोदी पीएनबी धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भारत को प्रत्यर्पित किए जाने के खिलाफ मामला लड़ रहा है। आपको बता दें कि वेस्टमिंस्टर कोर्ट ने पिछली तारीख में नीरव मोदी की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था।
पेट्रोल और डीजल के दाम में कटौती
आईओसीएल से मिली जानकारी के अनुसार देश के चार प्रमुख महानगरों में पेट्रोल और डीजल के दाम में 6 पैसे प्रति लीटर की कटौती देखने को मिली है। जिसके बाद नई दिल्ली में पेट्रोल के दाम 71.80, कोलकाता में 73.86, मुंबई में 77.41 और चेन्नई में 74.53 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं। वहीं डीजल के दाम कटौती के बाद नई दिल्ली में दाम 66.63 रुपए, कोलकाता में 68.39, मुंबई में 69.82 और चेन्नई में डीजल के दाम में 7 पैसे प्रति लीटर की कटौती होने के बाद दाम 70.43 रुपए प्रति लीटर हो गए हैं।
नहीं बदलेंगी ब्याज दरें
दुनिया की सबसे बड़ी निवेश कंपनियों में से एक गोल्डमैन सैक्श की रिपोर्ट में कहा गया है कि 4 से 6 जून तक चलने वाली आरबीआई मौद्रिक समीक्षा बैठक में ब्याज दरों में स्थिर रख सकता है। रिपोर्ट के अनुसार कच्चे तेल की कीमतों और औसत मानसून की संभावना के कारण ब्याज दरों पर लिए जाने वाले निर्णय पर असर पड़ सकता है।
4 जून को होगी वन प्लस 7 की बिक्री
वन प्लस 7 प्रो के बाद अब वन प्लस 7 की ब्रिकी शुरू होने जा रही है। महीने ही शुरूआत में लॉन्च होने वाले दोनों फोन में से वन प्लस 7 प्रो की बिक्री तो अगले दिन से ही शुरू हो गई थी। लेकिन वन प्लस 7 की बिक्री की तारीख का इंतजार था। कंपनी ने खुलासा करते हुए बताया है कि वन प्लस 7 की बिक्री अमेजन पर 4 जून से शुरू हो जाएगी। वहीं लॉन्च ऑफर के तहत रिलायंस जियो की ओर से यूजर्स को 9,300 रुपए का बेनिफिट भी दिया जाएगा।
Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार, फाइनेंस, इंडस्ट्री, अर्थव्यवस्था, कॉर्पोरेट, म्युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें patrika hindi news App.