
Pension Life Certificate Last Date: केंद्र सरकार के पेंशनर्स के लिए नवंबर का आखिरी सप्ताह बेहद अहम है। अगर आपने अभी तक अपना लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं किया है तो 30 नवंबर 2026 से पहले यह काम जरूर पूरा कर लें। ऐसा नहीं करने पर आपकी मंथली पेंशन कुछ समय के लिए रुक सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि तय तारीख निकल जाने के बाद भी जीवन प्रमाण पत्र जमा किया जा सकता है और रुकी हुई पेंशन दोबारा शुरू हो सकती है।
रिटायरमेंट के बाद लाखों कर्मचारियों के लिए पेंशन ही हर महीने की कमाई का प्रमुख जरिया होती है। इसी रकम से घर का खर्च, दवाइयों का बिल और दूसरी जरूरतें पूरी होती हैं। ऐसे में पेंशन मिलने में थोड़ी सी देरी भी परेशानी खड़ी कर सकती है।
लाइफ सर्टिफिकेट को जीवन प्रमाण पत्र भी कहा जाता है। यह एक ऐसा दस्तावेज है, जिससे बैंक और पेंशन देने वाली एजेंसियां यह पुष्टि करती हैं कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है और पेंशन लेने का हकदार है। केंद्र सरकार के पेंशनर्स को हर साल नवंबर में यह प्रमाण पत्र जमा करना होता है। इसके आधार पर बैंक पेंशन का भुगतान जारी रखते हैं। हालांकि, 80 साल या इससे अधिक उम्र के सुपर सीनियर सिटीजंस को इस मामले में थोड़ी राहत मिलती है। वे 1 अक्टूबर से ही अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल जाता है।
अगर कोई पेंशनर 30 नवंबर तक अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं करता है तो उसकी पेंशन का भुगतान अस्थायी रूप से रोका जा सकता है। बैंक या संबंधित पेंशन भुगतान एजेंसी वैध प्रमाण पत्र मिलने और उसकी जांच पूरी होने तक पेंशन रोक सकती है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पेंशन हमेशा के लिए बंद हो जाएगी। दरअसल, बैंक को जब तक पेंशनर के जीवित होने की पुष्टि नहीं मिलती, तब तक भुगतान रोककर रखा जा सकता है। जैसे ही पेंशनर जीवन प्रमाण पत्र जमा कर देता है और बैंक उसे स्वीकार कर लेता है, पेंशन का भुगतान दोबारा शुरू किया जा सकता है।
जी हां, जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं करने के कारण अगर पेंशन रुकी है तो आमतौर पर पेंशनर को बकाया रकम एरियर के रूप में मिल सकती है। इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए किसी रिटायर्ड कर्मचारी को हर महीने 25,000 रुपये पेंशन मिलती है। वह नवंबर में अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना भूल जाता है और उसकी पेंशन दो महीने के लिए रोक दी जाती है। ऐसे में उसके 50,000 रुपये बकाया हो जाएंगे। जब वह जीवन प्रमाण पत्र जमा कर देगा और बैंक इसे स्वीकार कर लेगा तो रुकी हुई रकम बाद में पेंशन के साथ मिल सकती है। हालांकि, पैसा कब खाते में आएगा, यह बैंक की प्रक्रिया और पेंशनर के रिकॉर्ड की जांच पर निर्भर करेगा।
अगर आप तय तारीख तक जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं कर पाए हैं तो घबराने की जरूरत नहीं है। 30 नवंबर के बाद भी इसे जमा किया जा सकता है। इसके लिए अगले साल नवंबर तक इंतजार करने की जरूरत नहीं है। हालांकि, जितनी देर होगी, पेंशन का भुगतान उतने समय तक अटका रह सकता है। इसलिए जिन पेंशनर्स ने अभी तक यह काम पूरा नहीं किया है, उन्हें जल्द से जल्द प्रमाण पत्र जमा कर देना चाहिए। सर्टिफिकेट जमा करने के बाद बैंक से यह भी पता कर लें कि उसे स्वीकार कर लिया गया है या नहीं।
पेंशनर्स के पास जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के कई विकल्प हैं। इसके लिए बैंक जाने के साथ-साथ डिजिटल सुविधा का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। पेंशनर अपने पेंशन भुगतान करने वाले बैंक की शाखा में जाकर फिजिकल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं। इसके अलावा, जीवन प्रमाण पोर्टल यानी सरकार की Jeevan Pramaan डिजिटल सेवा के जरिए आधार आधारित पहचान की पुष्टि करके डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाया जा सकता है। जिन पेंशनर्स के पास स्मार्टफोन हैं, वे Jeevan Pramaan और AadhaarFaceRD ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन से यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इससे बैंक जाने की जरूरत नहीं पड़ती।