
Property Documents Checklist: घर, फ्लैट या प्लॉट खरीदना किसी भी व्यक्ति के जीवन का बड़ा आर्थिक फैसला होता है। लोग अपनी जीवनभर की कमाई प्रॉपर्टी में लगा देते हैं। ऐसे में अगर खरीदारी के समय कुछ जरूरी दस्तावेजों की जांच नहीं की जाए, तो बाद में कानूनी विवाद में फंसने का खतरा रहता है। अक्सर खरीदार मान लेते हैं कि प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री उनके नाम हो गई है, तो अब उस पर उनका पूरा मालिकाना हक है। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। प्रॉपर्टी खरीदने से पहले उसके पुराने रिकॉर्ड और सभी जरूरी कागजात की जांच करना बेहद जरूरी है।
रजिस्ट्री इस बात का आधिकारिक रिकॉर्ड होती है कि दो पक्षों के बीच संपत्ति का लेनदेन हुआ है। लेकिन इससे अपने आप यह साबित नहीं होता कि बेचने वाला व्यक्ति उस संपत्ति का असली मालिक था या उसे बेचने का कानूनी अधिकार था। मान लीजिए किसी प्रॉपर्टी की पहली बिक्री ही गैरकानूनी तरीके से हुई थी या उसके पीछे वैध दस्तावेज नहीं थे। ऐसी स्थिति में आगे होने वाली रजिस्टर्ड बिक्री भी कानूनी विवाद में फंस सकती है। यानी अगर बेचने वाले का मालिकाना हक ही सही नहीं है, तो उसके नाम से की गई रजिस्ट्री खरीदार को पूरी कानूनी सुरक्षा नहीं दे सकती। इसीलिए प्रॉपर्टी खरीदने से पहले इन दस्तावेजों की जांच जरूर करनी चाहिए।
किसी भी प्रॉपर्टी को खरीदने से पहले यह जानना जरूरी है कि वह अब तक किन-किन लोगों के पास रही है। इसके लिए चेन डीड की जांच करें। इसमें संपत्ति के पुराने मालिकों और उनके बीच हुए लेनदेन का रिकॉर्ड होता है। ध्यान रखें कि मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेजों की कड़ी कहीं टूटी हुई नहीं होनी चाहिए। यह भी जांचें कि हर बार संपत्ति का ट्रांसफर कानूनी तरीके से हुआ था या नहीं। जरूरत पड़ने पर नगर निकाय और संबंधित सरकारी कार्यालय से रिकॉर्ड की पुष्टि कर सकते हैं।
टाइटल डीड प्रॉपर्टी से जुड़े सबसे जरूरी दस्तावेजों में से एक होता है। इससे पता चलता है कि संपत्ति का कानूनी मालिक कौन है और उसे बेचने का अधिकार किसके पास है। अगर बेचने वाला व्यक्ति अपने मालिकाना हक के पुख्ता दस्तावेज नहीं दिखा पाता है, तो खरीदारी करने में जल्दबाजी न करें। ऐसा करने पर भविष्य में संपत्ति को लेकर विवाद हो सकता है।
प्रॉपर्टी पर पहले से कोई लोन, गिरवी या रजिस्टर्ड कानूनी लेनदेन तो नहीं है, इसकी जानकारी एनकम्ब्रेंस सर्टिफिकेट से मिल सकती है। इसे आमतौर पर भार-मुक्त प्रमाणपत्र भी कहा जाता है। इस दस्तावेज को देखकर खरीदार को पता चल सकता है कि संपत्ति पर कोई दर्ज वित्तीय बोझ तो नहीं है। हालांकि, ध्यान रखें कि EC में हर तरह के कानूनी विवाद या दावे की जानकारी जरूरी नहीं कि शामिल हो। इसलिए अलग से कानूनी जांच भी कराएं।
अगर आप किसी बिल्डर से फ्लैट खरीद रहे हैं, तो ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) की जांच करना न भूलें। यह संबंधित अथॉरिटी की ओर से जारी किया जाता है और बताता है कि इमारत को मंजूर नियमों के अनुसार बनाया गया है तथा उसका इस्तेमाल रहने के लिए किया जा सकता है। ओसी के बिना फ्लैट खरीदने पर आगे बिजली-पानी के कनेक्शन, कानूनी मंजूरी और रहने से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं।
प्रॉपर्टी खरीदने से पहले यह भी पता करें कि बिल्डिंग का निर्माण संबंधित नगर निगम या विकास प्राधिकरण से मंजूर नक्शे के अनुसार हुआ है या नहीं। कई बार बिल्डर मंजूर नक्शे से अलग निर्माण कर देते हैं। ऐसी स्थिति में संपत्ति का कुछ हिस्सा अवैध माना जा सकता है। इससे भविष्य में जुर्माना, नोटिस या तोड़फोड़ जैसी कार्रवाई का खतरा रहता है।
संपत्ति खरीदने से पहले यह भी सुनिश्चित करें कि पिछले मालिक ने सभी प्रॉपर्टी टैक्स का भुगतान किया है या नहीं। इसके लिए पुरानी टैक्स रसीदें और संबंधित विभाग का रिकॉर्ड देखें। अगर पुराने टैक्स का भुगतान बाकी है, तो आगे चलकर यह जिम्मेदारी नए मालिक के लिए परेशानी बन सकती है।