Raghav Chadha Net Worth: राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा में डिप्टी लीडर की पोस्ट से हटा दिया है। वहीं, राघव ने कहा है कि पार्टी उन्हें जनता के मुद्दे उठाने से रोक रही है।
Raghav Chadha net worth: आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के डिप्टी लीडर पद से हटा दिया है। AAP का कहना है कि राघव पार्टी लाइन पर नहीं चल रहे थे और कम जरूरी मुद्दे उठा रहे थे। राघव का जवाब था कि पार्टी उन्हें जनता के मुद्दे उठाने से रोक रही है। CA से नेता बने राघव चड्ढा की यह बात राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है। राघव चड्ढा इस समय चर्चा में है, तो आइए जानते हैं कि उनकी और उनकी पत्नी बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा की नेटवर्थ कितनी है।
राघव की संपत्ति और परिणीति की दौलत में जमीन-आसमान का फर्क है। साल 2022 के राज्यसभा चुनाव के दौरान दिए हलफनामे के मुताबिक, राघव चड्ढा के पास कुल चल संपत्ति करीब 35 से 45 लाख रुपये है। हाथ में 30 से 40 हजार नकद, बैंक में 30 से 40 लाख और बॉन्ड व शेयरों में 6.35 लाख रुपये हैं।। न कोई बड़ी गाड़ी, न कोई मकान, न जमीन। एक पुरानी Maruti Swift Dzire है जो 1.32 लाख रुपये की बताई गई है।
उधर परिणीति चोपड़ा की अनुमानित संपत्ति 74 करोड़ रुपये है। बांद्रा में 22 करोड़ का घर है। गाड़ियों में Range Rover Vogue, Audi Q4 और Audi Q7 हैं। फोर्ब्स इंडिया की सेलिब्रिटी 100 लिस्ट में इनका नाम रह चुका है और एक समय सालाना कमाई 5.36 करोड़ आंकी गई थी। यानी पत्नी की संपत्ति पति से करीब 150 गुना ज़्यादा है।
11 नवंबर 1988 को दिल्ली के एक मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे राघव ने मॉडर्न स्कूल से पढ़ाई की। दिल्ली विश्वविद्यालय से BCom और 2011 में CA की डिग्री ली। डेलॉयट और Grant Thornton जैसी नामी कंपनियों में काम किया। अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान केजरीवाल की टीम से जुड़े। 2015 में जब AAP ने दिल्ली में भारी बहुमत पाया तो महज 26 साल की उम्र में पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बने।
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में साउथ दिल्ली से हार मिली। साल 2020 में राजिंदर नगर से विधायक बने। 2022 के पंजाब चुनाव में अहम भूमिका निभाई, जब AAP ने 117 में से 92 सीटें जीतीं। उसी साल पंजाब से राज्यसभा पहुंचे। उन्होंने साल 2023 में परिणीति चोपड़ा से शादी की। साल 2019 के हलफनामे में उनकी कुल संपत्ति 16.5 लाख थी। 2020 में 19.97 लाख और 2022 में 37 लाख। राजनीति में आने के बाद संपत्ति बढ़ी जरूर लेकिन रफ्तार धीमी रही। अब जब पार्टी ने पद छीना है, तो देखना यह है कि राघव चड्ढा अगला कदम क्या उठाते हैं।