
8th Pay Commission का लाभ पाने वाले केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों का सरकारी आंकड़ा सामने आया है। इसके मुताबिक कर्मचारियों की संख्या 51 लाख के करीब है जबकि पेंशनर की संख्या 68 लाख के करीब। यानी कर्मचारियों के मुकाबले पेंशनर की संख्या नए वेतन आयोग का फायदा लेने में ज्यादा होगी।
संसद के मॉनसून सत्र में 8वें वेतन आयोग को लेकर सवाल उठा था, जिसके बाद वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बताया था कि 8वें वेतन आयोग को मंजूरी मिल चुकी है। मंत्री ने इसके साथ ही कर्मचारियों और पेंशनरों की संख्या भी बताई थी। उनके मुताबिक करीब 36.57 लाख (1 मार्च 2025 तक) केंद्रीय कर्मचारियों और 33.91 लाख (31 दिसंबर 2024 तक) पेंशनरों को नए वेतनमान का फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा था कि रक्षा कर्मचारी और पेंशनरों को भी इसका फायदा होगा।
एजी ऑफिस ब्रदरहुड प्रयागराज के पूर्व अध्यक्ष हरिशंकर तिवारी ने बताया कि 8वें वेतन आयोग का फायदा पाने वालों की संख्या 1 करोड़ 19 लाख के करीब है। इनमें पेंशनर और कर्मचारी दोनों शामिल हैं। सिविल कर्मचारियों की संख्या 36.57 लाख है। इनके साथ रक्षा विभाग के करीब 14 लाख कर्मचारी और शामिल कर लिए जाएं तो कर्मचारियों की संख्या 51 लाख के करीब पहुंच जाएगी। वहीं सिविल पेंशनर 33.91 लाख हैं और रक्षा पेंशनर करीब 34 लाख हैं। उस आधार पर पेंशनरों की संख्या 68 लाख के करीब पहुंच जाएगी।
तिवारी के मुताबिक 8वें वेतन आयोग का फायदा पेंशनरों को ज्यादा होगा। इसका कारण रक्षा विभाग के पेंशनरों की संख्या अधिक होना है।
तिवारी के मुताबिक सेना में कम उम्र में ही रिटायरमेंट हो जाता है, जिस कारण रक्षा पेंशनर, कर्मचारी से ज्यादा हैं।