
शेयर बाजार में लगातार तेजी के बाद शुक्रवार को निवेशकों ने भारी मुनाफा वसूली शुरू की। इसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट देखने को मिली। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 1.17 फीसदी या 989 अंक की गिरावट के साथ 83,339 पर बंद हुआ है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 1.07 फीसदी या 277 अंक की गिरावट के साथ 25,607 पर बंद हुआ। आइए जानते हैं कि बाजार में आज आई गिरावट के प्रमुख कारण कौन-से रहे।
भारतीय शेयर बाजार ने इस महीने शानदार प्रदर्शन किया है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की खरीदारी बढ़ने, कंपनियों के बेहतर फंडामेंटल और आकर्षक वैल्यूएशन से बाजार को मजबूती मिली। इस दौरान भारत दुनिया के बेहतर परफॉर्म करने वाले शेयर बाजारों में शामिल रहा। हालांकि, लगातार तेजी के बाद निवेशकों ने ऊंचे स्तर पर मुनाफा वसूली शुरू कर दी। इसका असर सेंसेक्स और निफ्टी पर दिखाई दिया। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, बाजार में मजबूती बनी हुई है। इसकी बड़ी वजह विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी और कंपनियों के फंडामेंटल में सुधार है।
इस सप्ताह आईटी शेयरों में शानदार तेजी देखने को मिली थी, लेकिन शुक्रवार को इनमें बिकवाली हावी रही। TCS, Infosys, HCL Technologies और Tech Mahindra समेत कई बड़ी आईटी कंपनियों के शेयरों में 3 फीसदी तक की गिरावट आई। दरअसल, इस साल की शुरुआत से ही भारतीय आईटी कंपनियों के बिजनेस मॉडल को लेकर निवेशकों की चिंता बनी हुई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में तेजी से हो रहे बदलावों के कारण पारंपरिक आईटी आउटसोर्सिंग बिजनेस पर असर पड़ने की आशंका है।
शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमतों में करीब 1 फीसदी की तेजी आई। ब्रेंट क्रूड का भाव 98 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। इसकी वजह सऊदी अरब की तेल रिफाइनरी पर हुआ ताजा हमला रहा। इस घटना के बाद तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई। रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार को सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी जजान क्षेत्र में एक तेल रिफाइनरी पर प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के मुताबिक, इस हमले में नेपाल के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए। हमले के बाद रिफाइनरी में आग लग गई और कुछ कामकाज अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
इससे एक दिन पहले हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल रिफाइनरी रास तनुरा पर हमले की जिम्मेदारी ली थी। बुधवार को सामने आई सैटेलाइट तस्वीरों में तटीय इलाके से काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया था। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए चिंता बढ़ाती है। इससे महंगाई और आयात बिल पर दबाव बढ़ सकता है। साथ ही रुपये पर भी इसका असर पड़ने की आशंका रहती है।
डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में भी कमजोरी देखने को मिली। शुक्रवार को रुपया लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरा। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और अमेरिकी डॉलर की मजबूती ने घरेलू मुद्रा पर दबाव बनाया। शुक्रवार को रुपया 0.2 फीसदी कमजोर होकर 92.65 प्रति डॉलर पर आ गया।