Why Share Market Rise Today: पाकिस्तान की मध्यस्थता से अमेरिका-ईरान सीजफायर के संकेत मिले हैं। इस खबर से सेंसेक्स 787 अंक चढ़ गया और निफ्टी 255 अंक ऊपर बंद हुआ है।
Why Share Market UP Today: सोमवार की सुबह बाजार में बिकवाली दिखी थी। लेकिन जैसे-जैसे सत्र आगे बढ़ा, रिकवरी आई और बाजार बंद होते-होते अच्छी-खासी तेजी आ गई। दोपहर में एक खबर आई कि पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर का एक फ्रेमवर्क तैयार किया है। रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर रातभर अमेरिकी उपराष्ट्रपति JD Vance, दूत Steve Witkoff और ईरानी विदेश मंत्री Abbas Araqchi से बात करते रहे थे। यह फ्रेमवर्क दो चरणों में है, पहले तत्काल युद्धविराम और फिर पूर्ण समझौता। बस इतनी खबर काफी थी और मार्केट चढ़ गया।
दोपहर बाद बाजार पलट गया। सेंसेक्स 787 अंक यानी 1.07 फीसदी उछलकर 74,107 पर बंद हुआ। निफ्टी 255 अंक चढ़कर 22,968 पर बंद हुआ। इस तरह लगातार तीसरे सत्र में बढ़त दर्ज हुई। एक ही दिन में निवेशकों की संपत्ति 5 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा बढ़ गई। BSE का कुल बाज़ार पूंजीकरण 422 लाख करोड़ से बढ़कर 427 लाख करोड़ से ऊपर पहुंच गया।
Trent का शेयर 8 फीसदी उछला। Titan, Axis Bank, L&T, HDFC Bank, Bajaj Finance, UltraTech Cement और IndiGo 2 से 4 फीसदी चढ़े। लेकिन Reliance Industries 3 फीसदी से ज़्यादा गिर गया। सेक्टर के हिसाब से देखें, तो Consumer Durables 3 फीसदी चढ़ा। PSU Bank और Realty दोनों 2 फीसदी से ज़्यादा चढ़े। Oil and Gas 1 फीसदी नीचे आया।
सीजफायर की खबर से तेल बाजार में थोड़ी राहत आई। ब्रेंट क्रूड 1 फीसदी गिरकर 108 डॉलर और WTI 2 फीसदी नीचे 109 डॉलर पर आ गया। हालांकि, यह अभी भी 100 डॉलर से काफी ऊपर है।
रुपया 93.06 प्रति डॉलर पर बंद हुआ है। पिछले हफ्ते 95.21 के रिकॉर्ड निचले स्तर से वापसी हुई थी। RBI ने बैंकों पर कुछ पाबंदियां लगाकर रुपये को संभाला है। LKP Securities के जतीन त्रिवेदी कहते हैं कि 92.50 पर सपोर्ट और 93.50 पर रुकावट दिख रही है।
Geojit Investments के विनोद नायर कहते हैं कि वैल्यू बाइंग से रैली आई है। खासकर Finance, Realty और Midcap में अच्छी तेजी आई। लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। तीन बातें याद रखिए। सीजफायर का कोई आधिकारिक ऐलान अभी किसी नेता ने नहीं किया है। FII यानी विदेशी निवेशक 23वें लगातार सत्र में भी बिकवाल रहे, गुरुवार को 9,931 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड अभी भी ऊंची है। Geojit के Anand James कहते हैं कि निफ्टी के लिए 24,400 का स्तर बड़ी रुकावट है। अगर 22,525 टूटा तो 21,900 और 21,600 तक गिरावट संभव है। इस हफ्ते RBI नीति बैठक, अमेरिकी महंगाई के आंकड़े और जियोपॉलिटिकल खबरें, सब एक साथ आने वाली हैं। बाजार हर हेडलाइन पर उछलेगा-गिरेगा।