कारोबार

Stock Market में निवेशकों को आज 4 लाख करोड़ का फायदा, इस जबरदस्त तेजी के पीछे काम कर रहे ये 5 बड़े फैक्टर

Why Share Market Rise Today: बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी जा रही है। सेंसेक्स 1,700 अंक से ज्यादा चढ़ गया, जबकि निफ्टी 25,800 के पार पहुंच गया। बैंकिंग और आईटी शेयरों में खरीदारी, विदेशी निवेशकों की वापसी, रुपये की मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने बाजार को सपोर्ट दिया।
4 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 11:50 AM IST
Why Share Market Rise Today
शेयर बाजार में भारी तेजी देखी जा रही है। (PC: AI)

Share Market Today 25th Nov 2026: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को जोरदार वापसी देखने को मिली। पिछले कारोबारी सत्र में करीब 2 फीसदी की गिरावट के बाद सेंसेक्स और निफ्टी में आज काफी अच्छी तेजी देखी जा रही है। बैंकिंग, आईटी और एफएमसीजी शेयरों में जमकर खरीदारी देखने को मिली, जिससे बाजार में तेजी का माहौल बन गया है। कारोबार के शुरुआती घंटों में ही बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 3.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गया। सुबह 10 बजकर 57 मिनट पर सेंसेक्स 2.14 फीसदी या 1761 अंक की बढ़त के साथ 84,183 अंक पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, एनएसई निफ्टी इस समय 2.05 फीसदी या 520 अंक की बढ़त के साथ 25,870 अंक पर ट्रेड करता दिखा।

सेंसेक्स के शेयरों में इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक और इंडिगो में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली। इनमें से कुछ शेयरों में 4 फीसदी तक की तेजी आई। दूसरी ओर टाटा स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन और सन फार्मा दबाव में रहे। आइए जानते हैं कि बाजार में आज आई इस तेजी के पीछे बड़े कारण कौन-से हैं।

PC: BSE, समय- सुबह 11 बजकर 50 मिनट

बड़ी कंपनियों के शेयरों में जोरदार खरीदारी

बाजार की तेजी में बड़ी कंपनियों के शेयरों का अहम योगदान रहा। एचडीएफसी बैंक के शेयर 3.70 फीसदी चढ़ गए। निफ्टी में इस बैंक की करीब 9.9 फीसदी हिस्सेदारी है। इस तेजी के साथ बैंक ने पिछले कारोबारी सत्र में हुए नुकसान की भरपाई कर ली। आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और दूसरी बड़ी कंपनियों के शेयरों में भी 4 फीसदी तक की बढ़त देखने को मिली। दरअसल, निफ्टी एक मार्केट कैप आधारित इंडेक्स है। इसमें बड़ी कंपनियों का वेटेज ज्यादा होता है। ऐसे में रिलायंस, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसे शेयरों में तेजी आने से पूरे निफ्टी को मजबूती मिलती है।

अमेरिकी टेक शेयरों में गिरावट से भारतीय बाजार को फायदा

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में एक बार फिर बिकवाली देखने को मिली। सोमवार को एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग की वापसी से टेक शेयरों में तेजी आई थी, लेकिन यह ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सकी। मंगलवार को अमेरिकी बाजार का नैस्डैक इंडेक्स 1.5 फीसदी गिरकर बंद हुआ। एनवीडिया के शेयरों में करीब 6 फीसदी की गिरावट आई। वहीं, एएमडी और माइक्रोन जैसे एआई से जुड़े शेयर 11 फीसदी तक टूट गए।

एशियाई बाजारों में भी इसका असर दिखाई दिया। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 6 फीसदी गिर गया। इंडेक्स में बड़ी हिस्सेदारी रखने वाली सैमसंग और एसके हाइनिक्स के शेयरों में करीब 9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों के बीच अब यह सवाल उठने लगा है कि एआई के लिए डेटा सेंटर बनाने पर खर्च किए जा रहे भारी पैसे से कंपनियां कितनी जल्दी कमाई कर पाएंगी। इन प्रोजेक्ट्स के लिए बड़ी मात्रा में कर्ज भी लिया जा रहा है। ऐसे में निवेशक टेक कंपनियों की ऊंची वैल्यूएशन को लेकर सतर्क हो रहे हैं। अमेरिकी टेक शेयरों में बिकवाली के कारण विदेशी निवेशक दूसरे उभरते बाजारों की ओर रुख कर सकते हैं। भारत को इस बदलाव का फायदा मिलता दिखाई दे रहा है।

विदेशी निवेशकों की भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी ने भी बाजार को सपोर्ट दिया है। नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) के आंकड़ों के मुताबिक, इस महीने अब तक भारत में विदेशी निवेश करीब 13.2 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। सोमवार को भी विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में 5,673 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की थी। डॉलर में यह रकम करीब 610.59 मिलियन डॉलर रही।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, भारतीय कंपनियों के बेहतर नतीजे विदेशी निवेशकों को आकर्षित कर सकते हैं। निफ्टी 50 कंपनियों की दूसरी तिमाही की कमाई में 27 फीसदी की बढ़ोतरी बाजार के लिए सकारात्मक संकेत है।

रुपये की मजबूती से बाजार को मिला सपोर्ट

डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में भी मजबूती देखने को मिली। बुधवार को रुपया 17 पैसे की बढ़त के साथ 92.74 प्रति डॉलर पर खुला। सोमवार को कारोबार बंद होने के समय यह 92.91 के स्तर पर था। चॉइस ब्रोकिंग की कावेरी मोरे के मुताबिक, रुपये में मजबूती बनी रहती है तो डॉलर के मुकाबले इसका भाव 92, फिर 91.30 और 90 के स्तर तक जा सकता है। हालांकि, कंपनियों की डॉलर की मांग, विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ाने के लिए रिजर्व बैंक की ओर से संभावित हस्तक्षेप और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बदलाव रुपये की चाल को प्रभावित कर सकते हैं।

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से राहत

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी नरमी आई है। सप्लाई बढ़ने की संभावना और होर्मुज स्ट्रेट के पास जहाजों पर नए हमलों की खबरों के बीच तेल बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। इस बीच ब्रेंट क्रूड का भाव 1.40 फीसदी गिरकर 90 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। सोमवार को यह 91 डॉलर से ऊपर बंद हुआ था। वहीं, जनवरी डिलीवरी वाला वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड करीब 2 फीसदी टूटकर 80.78 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट राहत की खबर है। इससे देश का आयात बिल कम हो सकता है। साथ ही महंगाई और चालू खाते के घाटे पर दबाव घटने की संभावना रहती है। कंपनियों की उत्पादन लागत में भी कमी आ सकती है।

Updated on:
25 Nov 2026, 11:50 AM IST
Published on: