कारोबार

Gold Price Outlook: बीते 1 हफ्ते में 10,000 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने में भी हुआ काफी इजाफा, क्या यह है निवेश का सही समय?

Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में भले ही इस हफ्ते तेजी आई हो, लेकिन बीते एक महीने में कीमतों में गिरावट रही है। एक महीने में चांदी 10% सस्ती हुई है।
3 min read
Jul 04, 2026
Gold Rate Today
Gold Rate Today: बीते एक हफ्ते में सोने में तेजी आई है। (PC: AI)

Gold Rate Today 4th July 2026: सोने की कीमतों में इस हफ्ते काफी उतार-चढाव देखने को मिला है। हालांकि, पूरे हफ्ते की बात करें तो कीमतों में तेजी आई है। गुड रिटर्न्स के अनुसार, आज शनिवार को दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का हाजिर भाव 1,46,880 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। 22 कैरेट गोल्ड का रेट 1,34,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। वहीं, 18 कैरेट गोल्ड का रेट 1,10,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है। इसके अलावा, चांदी का भाव आज दिल्ली में 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर है।

एक हफ्ते में 2780 रुपये चढ़ा सोना

बीते शनिवार 27 जून को दिल्ली में 24 कैरेट गोल्ड का रेट 1,44,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। इस तरह एक हफ्ते में सोने की कीमत में 2780 रुपये का इजाफा हुआ है। वहीं, 22 कैरेट गोल्ड का रेट बीते शनिवार को 1,32,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। इस तरह इसमें एक हफ्ते में 2550 रुपये की तेजी आई है।

10,000 रुपये महंगी हुई चांदी

सोने के साथ ही चांदी की घरेलू हाजिर कीमतों में भी इस हफ्ते इजाफा हुआ है। बीते शनिवार 27 जून को दिल्ली में चांदी का हाजिर भाव 2,40,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर था। यह आज 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर है। इस तरह चांदी में इस हफ्ते 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा हुआ है।

धातु/कैरेट27 जून 2026 का भाव4 जुलाई 2026 का भाव1 सप्ताह में बदलाव
24 कैरेट सोना (10 ग्राम)₹1,44,100₹1,46,880+₹2,780
22 कैरेट सोना (10 ग्राम)₹1,32,100₹1,34,650+₹2,550
चांदी (1 किलोग्राम)₹2,40,000₹2,50,000+₹10,000

एक महीने में 5.6% टूटा सोना

भले ही इस हफ्ते सोने-चांदी की कीमतों में बढ़त दर्ज हुई हो, लेकिन बीचे एक महीने में इन दोनों धातुओं में काफी गिरावट आई है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोने की कीमतों में एक महीने में 5.65 फीसदी की गिरावट आई है। यह 1,54,529 रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर 1,45,789 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।

एक महीने में 10% टूटी चांदी

एमसीएक्स पर चांदी का भाव पिछले एक महीने में 10.78 फीसदी गिरा है। यह 2,61,939 रुपये प्रति किलोग्राम से गिरकर 2,33,701 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है।

पिछले 1 महीने में क्यों गिरा सोना?

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के चेयरमैन पृथ्वीराज कोठारी के अनुसार, अमेरिकी डॉलर की मजबूती, इस साल के आखिर तक अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीद, अमेरिका के मजबूत रोजगार और महंगाई के आंकड़े तथा 2025 में आई तेज रैली के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली ने कीमतों पर दबाव बनाया है। कोठारी का कहना है कि चांदी में गिरावट सोने से ज्यादा इसलिए आई, क्योंकि औद्योगिक मांग पहले की तुलना में कमजोर हुई है।

क्या सोने-चांदी में अब आएगी तेजी?

कोठारी का मानना है कि आने वाले समय में सोना और चांदी में फिर तेजी लौट सकती है, लेकिन इसके लिए किसी बड़े वैश्विक ट्रिगर की जरूरत होगी। उनके मुताबिक अगर अमेरिकी फेड ब्याज दरों में कटौती करता है, दुनिया में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ता है या डॉलर कमजोर पड़ता है तो कीमती धातुओं में दोबारा तेजी देखने को मिल सकती है।

क्या अभी निवेश करना चाहिए?

आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स की रिसर्च एनालिस्ट वेदिका नार्वेकर का कहना है कि सोना अभी 1.40 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल को टेस्ट कर सकता है। यदि बाजार में ज्यादा दबाव आता है तो 1,34,500 रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर मजबूत सपोर्ट साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि लॉन्ग टर्म इन्वेस्टर्स एकमुश्त पैसा लगाने के बजाय 3 से 4 हिस्सों में निवेश करें। मौजूदा स्तर से खरीदारी शुरू करें और हर 2 फीसदी की गिरावट पर थोड़ा-थोड़ा निवेश बढ़ाएं। वहीं, शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स के लिए उनकी सलाह है कि गिरावट पर खरीदारी करें और ऊंचे स्तरों के आसपास मुनाफावसूली करें। चांदी के लिए वे 2.20 लाख रुपये प्रति किलो को मजबूत सपोर्ट और 2.60 लाख रुपये प्रति किलो को रेजिस्टेंस मानती हैं।

Published on:
04 Jul 2026 11:25 am