कारोबार

SIP और Post Office RD में हर महीने 10,000 रुपये करें निवेश तो 5 साल में कहां मिलेगा ज्यादा रिटर्न? समझिए कैलकुलेशन

Post Office RD Interest Rate: हर महीने 10,000 रुपये निवेश करने पर 5 साल में म्यूचुअल फंड SIP से करीब 8.17 लाख रुपये और पोस्ट ऑफिस RD से लगभग 7.14 लाख रुपये मिल सकते हैं।
3 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 4:23 PM IST
SIP vs Post Office RD
पोस्ट ऑफिस आरडी एक सरकार समर्थित निवेश योजना है। (PC: AI)

SIP Vs RD: अगर आप हर महीने 10,000 रुपये बचाकर निवेश करते हैं तो 5 साल में आपके पास अच्छी-खासी रकम जमा हो सकती है। लेकिन सवाल यह है कि इस पैसे को कहां निवेश करना ज्यादा फायदेमंद रहेगा? इसके लिए आपके पास म्यूचुअल फंड SIP और पोस्ट ऑफिस रिकरिंग डिपॉजिट (RD) जैसे विकल्प भी मौजूद हैं। दोनों निवेश योजनाओं का तरीका अलग है। SIP में शेयर बाजार की परफॉर्मेंस के हिसाब से रिटर्न मिलता है। इसमें ज्यादा कमाई की संभावना रहती है, लेकिन नुकसान का जोखिम भी होता है। दूसरी तरफ पोस्ट ऑफिस RD में पहले से तय ब्याज मिलता है। सरकार समर्थित होने के कारण इसे अपेक्षाकृत सुरक्षित निवेश विकल्प माना जाता है। अगर आप हर महीने 10,000 रुपये निवेश करते हैं तो 5 साल बाद दोनों योजनाओं में मिलने वाली रकम में कितना अंतर होगा? आइए समझते हैं।

इस कैलकुलेशन के लिए मान लेते हैं कि आप हर महीने 10,000 रुपये का निवेश करते हैं और यह निवेश लगातार 5 साल तक जारी रखते हैं। म्यूचुअल फंड एसआईपी में सालाना 12 फीसदी रिटर्न मिलने की संभावना मानकर कैलकुलेशन की गई है। वहीं, पोस्ट ऑफिस RD पर अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही के लिए 6.7 फीसदी सालाना ब्याज दर को आधार बनाया गया है। दोनों योजनाओं में निवेश की अवधि 5 साल रखी गई है।

म्यूचुअल फंड SIP में 5 साल बाद मिलेंगे करीब 8.17 लाख रुपये

अगर आप हर महीने 10,000 रुपये म्यूचुअल फंड SIP में निवेश करते हैं तो 5 साल में आपका कुल निवेश 6 लाख रुपये होगा। अब मान लीजिए कि इस दौरान आपको सालाना औसतन 12 फीसदी रिटर्न मिलता है। इस हिसाब से 5 साल बाद आपका निवेश बढ़कर करीब 8.17 लाख रुपये हो सकता है। इसमें आपके 6 लाख रुपये के निवेश पर करीब 2.17 लाख रुपये का अनुमानित मुनाफा होगा। हालांकि, यहां यह समझना जरूरी है कि म्यूचुअल फंड में 12 फीसदी रिटर्न की कोई गारंटी नहीं होती। बाजार की स्थिति के हिसाब से वास्तविक रिटर्न कम या ज्यादा हो सकता है।

पोस्ट ऑफिस RD में 5 साल बाद कितने रुपये मिलेंगे?

अगर आप बाजार का जोखिम नहीं लेना चाहते तो पोस्ट ऑफिस की रिकरिंग डिपॉजिट योजना एक विकल्प हो सकती है। इसमें हर महीने एक निश्चित रकम जमा करनी होती है और उस पर तय ब्याज मिलता है। फिलहाल अक्टूबर से दिसंबर 2026 की तिमाही के लिए पोस्ट ऑफिस RD पर 6.7 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है। इस पर ब्याज की गणना तिमाही आधार पर होती है। अगर आप इस योजना में हर महीने 10,000 रुपये जमा करते हैं तो 5 साल में कुल 6 लाख रुपये निवेश करेंगे। 6.7 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से 5 साल बाद आपको करीब 7.14 लाख रुपये मिल सकते हैं। यानी इस निवेश पर करीब 1.14 लाख रुपये का ब्याज मिलेगा।

इस तरह दिए गए अनुमान के मुताबिक म्यूचुअल फंड SIP में निवेश करने पर पोस्ट ऑफिस RD की तुलना में करीब 1.03 लाख रुपये ज्यादा मिल सकते हैं। लेकिन इस अंतर को देखते हुए सीधे एसआईपी को बेहतर निवेश विकल्प मान लेना सही नहीं होगा। इसकी वजह यह है कि दोनों योजनाओं में जोखिम और रिटर्न की प्रकृति अलग-अलग है।

आपके लिए कौन सा निवेश विकल्प बेहतर रहेगा?

अगर आप लंबी अवधि में ज्यादा पैसा बनाना चाहते हैं और बाजार के उतार-चढ़ाव को सहन कर सकते हैं तो म्यूचुअल फंड एसआईपी पर विचार कर सकते हैं। इसमें कंपाउंडिंग और बाजार की ग्रोथ का फायदा मिलने की संभावना रहती है। हालांकि, शेयर बाजार में तेजी और गिरावट दोनों आती हैं। वैश्विक घटनाओं, डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत, महंगाई और आर्थिक हालात का असर भी म्यूचुअल फंड की परफॉर्मेंस पर पड़ सकता है। खराब बाजार में आपके निवेश की वैल्यू घट भी सकती है।

दूसरी तरफ, पोस्ट ऑफिस आरडी उन लोगों के लिए बेहतर विकल्प हो सकती है, जो अपने पैसे की सुरक्षा और निश्चित रिटर्न को प्राथमिकता देते हैं। इसमें बाजार के उतार-चढ़ाव का सीधा असर नहीं पड़ता। सीनियर सिटीजंस और कम जोखिम लेना चाहने वाले निवेशक भी इस विकल्प पर विचार कर सकते हैं।

(डिस्क्लेमर: यह न्यूज आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
14 Nov 2026, 4:23 PM IST
Published on: