कारोबार

Budget 2026: बजट का मार्केट पर तुरंत दिखेगा असर, 1 फरवरी को छुट्टी वाले दिन भी होगी ट्रेडिंग, कहां लगाएं पैसा?

BSE NSE trading on 1 February: इस बार बजट वाले दिन यानी 1 फरवरी को रविवार है। इस दिन शेयर बाजार में छुट्टी रहती है, लेकिन इस बार मार्केट बजट के लिए खुला रहेगा। सामान्य दिनों की तरह ट्रेडिंग होगी।

2 min read
Jan 17, 2026
बजट वाले दिन मार्केट खुला रहेगा। (PC:AI)

Stock market open on Budget day: शेयर बाजार में शनिवार-रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहता है। देश का बजट 1 फरवरी को आ रहा है और इस दिन रविवार है। ऐसे में एक सवाल यह बनता है कि क्या स्टॉक मार्केट में ट्रेडिंग होगी? बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने सर्कुलर जारी करके स्पष्ट किया है कि बजट वाले दिन मार्केट में सामान्य दिनों की तरह ट्रेडिंग होगी। बजट में होने वाली घोषणाओं का बाजार पर असर देखने को मिलता है। वित्त मंत्री की घोषणाओं पर निवेशक तुरंत प्रतिक्रिया देते हैं। अगर 1 फरवरी को मार्केट बंद रहता, तो बजट से उस पर होने वाले असर को देखने के लिए सोमवार का इंतजार करना पड़ता।

सामान्य दिनों की तरह ट्रेडिंग

एक्सचेंज ने अपने सर्कुलर में कहा है कि 1 फरवरी को सामान्य दिनों की तरह ट्रेडिंग होगी। ट्रेडिंग सुबह 9:15 पर शुरू होगी, जो 3:30 बजे तक चलेगी। इस दौरान, निवेशक आम दिनों की तरह शेयर खरीद-बेच सकेंगे। एक्स्पर्ट्स का कहना है कि बीएसई और एनएसई के इस फैसले से निवेशकों को बजट की घोषणाओं के अनुसार अपनी पोजीशन मैनेज करने में आसानी होगी। अन्यथा उन्हें सोमवार तक इंतजार करना होता। मालूम हो कि वित्त मंत्री 11 बजट भाषण शुरू करेंगी। आमतौर पर शेयर बाजार में बजट के दौरान उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है।

T+0 सेटलमेंट नहीं होगा

एक्सचेंज ने अपने सर्कुलर में यह भी बताया है कि बाजार जरूर सामान्य दिनों की तरह काम करेगा, लेकिन T+0 सेटलमेंट शेड्यूल नहीं किया जाएगा। यानी शेयरों का सेटलमेंट उसी दिन नहीं होगा। इसके लिए निवेशकों को सोमवार का इंतजार करना होगा। संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति (CCPA) के प्रस्ताव के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए केंद्रीय बजट 1 फरवरी को पेश किया जाएगा। आर्थिक सर्वेक्षण, जो बजट दस्तावेज़ से पहले आता है, मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन द्वारा 29 जनवरी को पेश किया जाएगा।

2017 से बदल गई व्यवस्था

बजट 2026 वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया जाने वाला लगातार नौवां बजट होगा। पहले बजट फरवरी के आखिरी में पेश किया जाता था, लेकिन 2017 से इसे बदलकर 1 फरवरी कर दिया गया। इस बार एक फरवरी को रविवार है, इसलिए माना जा रहा था कि शायद सरकार बजट का दिन आगे बढ़ा दे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके मद्देनजर शेयर बाजार को भी छुट्टी वाले दिन खोला जा रहा है।

इन सेक्टर पर रहेगा फोकस

एक्स्पर्ट्स का मानना है कि बजट 2026 देश के फिस्कल फ्रेमवर्क में एक अहम मोड़ साबित होगा। उनका अनुमान है कि रक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं। इसके अलावा, इंफ्रा सेक्टर को भी बूस्ट करने वाले कुछ फैसले सामने आ सकते हैं। ऐसे में उनके स्टॉक्स फोकस में रहेंगे। चीन और पाकिस्तान के मुकाबले और एशिया में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए बजट में रक्षा क्षेत्र के लिए बड़े प्रावधान किए जा सकते हैं। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल का भी मानना है कि 1 फरवरी को होने वाले बजट में डिफेंस और उससे जुड़े उद्योगों, इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी मैन्युफैक्चरिंग, पावर, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मास्यूटिकल्स और ज़रूरी मिनरल्स को प्राथमिकता दी जा सकती है।

Published on:
17 Jan 2026 07:55 am
Also Read
View All

अगली खबर