
Tata Capital IPO: अगर आप आईपीओ में पैसा लगाना पसंद करते हैं, तो आपके लिए एक बड़ा मौका आ रहा है। कुछ ही दिन बाद 6 अक्टूबर को टाटा कैपिटल का आईपीओ लॉन्च होने जा रहा है। इस आईपीओ को 8 अक्टूबर तक सब्सक्राइब किया जा सकता है। कंपनी ने आईपीओ के लिए प्राइस बैंड की घोषणा भी कर दी है। टाटा कैपिटल के आईपीओ का प्राइस बैंड 310 रुपये से 326 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है। आईपीओ में एंकर निवेशक 3 अक्टूबर को बोली लगाएंगे। इस आईपीओ में लॉट साइज 46 शेयरों का है।
टाटा कैपिटल के आईपीओ में शेयरों का अलॉटमेंट 9 अक्टूबर को फाइनल होगा। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर 13 अक्टूबर को लिस्ट हो सकते हैं। इस आईपीओ में 47.58 करोड़ शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे। इसमें 21 करोड़ शेयरों का नया इश्यू शामिल है। वहीं, 26.58 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल शामिल है। ओएफएस में टाटा संस 23 करोड़ शेयर बेचेगी। वहीं, इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन 3.58 करोड़ शेयर बिक्री के लिए रखेगी। इस समय टाटा कैपिटल में टाटा संस की 88.6 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं, आईएफसी की 1.8 फीसदी हिस्सेदारी है।
आईपीओ से जुटाई गई रकम कंपनी फ्यूचर कैपिटल नीड्स के लिए इस्तेमाल करेगी। बता दें कि टाटा कैपिटल एक गैर-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी है। कंपनी के पास 24 लेंडिंग ऑप्शंस हैं। 31 मार्च तक कंपनी 70 लाख ग्राहकों को सेवाएं दे चुकी है। लोन्स के अलावा टाटा कैपिटल थर्ड पार्टी प्रोडक्ट्स जैसे- इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड्स और वेल्थ मैनेजमेंट सर्विसेज भी उपलब्ध कराती है।
टाटा कैपिटल का शेयर ग्रे मार्केट में प्रीमियम के साथ ट्रेड करता दिखा है। सोमवार सुबह यह 326 रुपये के आईपीओ प्राइस के मुकाबले 28 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड करता दिखा। इस तरह स्टॉक एक्सचेंजों पर इस शेयर की लिस्टिंग 8.59 फीसदी के प्रीमियमम के साथ 354 रुपये पर हो सकती है।