
जीएसटी स्लैब्स में बदलाव ने शेयर मार्केट में ट्रंप टैरिफ के प्रकोप को पूरी तरह खत्म कर दिया है। गुरुवार को शेयर बाजार जबरदस्त बढ़त लेकर खुला है और शुरुआती कारोबार में भी तेजी देखी जा रही है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 889 अंक की बढ़त लेकर 81,456 पर खुला है। शुरुआती कारोबार में यह 0.64 फीसदी या 517 अंक की बढ़त के साथ 81,113 पर ट्रेड करता दिखाई दिया। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 0.64 फीसदी या 155 अंक की बढ़त के साथ 24,870 पर ट्रेड करता दिखा।
जीएसटी काउंसिल ने बुधवार रात जीएसटी स्लैब्स में बड़े बदलाव किये हैं। इससे कई वस्तुओं की कीमतों में बड़ी गिरावट आएगी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में काउंसिल ने 12 फीसदी और 28 फीसदी के स्लैब को खत्म कर दिया है। अब देश में जीएसटी के केवल दो स्लैब- 5 फीसदी और 18 फीसदी ही रहेंगे। काउंसिल ने कई सामानों को 18 फीसदी के स्लैब से हटाकर 5 फीसदी के स्लैब में डाल दिया है। इससे अब इन वस्तुओं की कीमतें घट जाएंगी।
सेंसेक्स पैक के शेयरों में आज सबसे अधिक तेजी महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, एचयूएल और आईटीसी में देखने को मिल रही है। इसके अलावा, टाटा मोटर्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट, अडानी पोर्ट्स, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, मारुति, एशियन पेंट, लार्सन एंड टुब्रो, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, पावरग्रिड, टीसीएस, टाइटन, एसबीआई और बीईएल का शेयर भी बढ़त के साथ ट्रेड करता दिखा। इससे इतर, इटरनल, टाटा स्टील, रिलायंस, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और सनफार्मा के शेयर लाल निशान पर ट्रेड करते दिखे।
सेक्टोरल सूचकांकों की बात करें, तो आज सबसे अधिक तेजी ऑटो शेयरों में देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में निफ्टी ऑटो 2.56 फीसदी की तेजी के साथ ट्रेड करता दिखा। इसके अलावा, निफ्टी एफएमसीजी में 1.82 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 25/50 में 1.10 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 0.40 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.09 फीसदी, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.54 फीसदी, निफ्टी रियल्टी में 0.55 फीसदी, निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स में 0.03 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.26 फीसदी, निफ्टी मिडस्मॉल फाइनेंशियल सर्विसेज में 0.41 फीसदी की तेजी देखने को मिली।