कारोबार

Wheels India के शेयर ने सिर्फ 6 दिन में 1 लाख के कर दिये डेढ़ लाख, क्या आगे भी जारी रहेगी तेजी? एक्सपर्ट से समझिए

Wheels India Share Price 9th September: व्हील्स इंडिया के शेयर में आज करीब 15 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। इस शेयर ने 6 सेशंस में करीब 57 फीसदी रिटर्न दिया है।
3 min read
Sep 09, 2026
Wheels India Share
Wheels India के शेयर में भारी तेजी देखी गई है। (PC: AI)

Wheels India Technical Analysis: शेयर बाजार में बुधवार को भले ही गिरावट का माहौल है, लेकिन ऑटो सेक्टर का एक शेयर निवेशकों का ध्यान खींच रहा है। व्हील्स इंडिया के शेयर में बुधवार, 9 सितंबर को जोरदार खरीदारी देखने को मिली। कारोबार के दौरान शेयर करीब 15% उछलकर 2,417.70 रुपये के 52 हफ्ते के नए हाई पर पहुंच गया। खास बात यह है कि शेयर लगातार छठे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ आगे बढ़ा है। पिछले छह कारोबारी सत्रों में व्हील्स इंडिया का शेयर करीब 57% चढ़ चुका है। सितंबर में अब तक शेयर करीब 51% मजबूत हो चुका है।

मजबूत तिमाही नतीजों ने बढ़ाया भरोसा

व्हील्स इंडिया के शेयर में इस तेज उछाल के पीछे कंपनी के मजबूत वित्तीय नतीजों को अहम वजह माना जा रहा है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 37 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी का मुनाफा 26 करोड़ रुपये था। कंपनी का रेवेन्यू भी बढ़ा है। पहली तिमाही में रेवेन्यू 1,386 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 1,187 करोड़ रुपये था।

PC: NSE (समय- दोपहर 1 बजे)

कंपनी के लिए एक्सपोर्ट का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। पहली तिमाही में निर्यात 17.3% बढ़कर 380 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में 324 करोड़ रुपये था। व्हील्स इंडिया के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीवत्स राम ने कहा कि कार, ट्रक और ट्रैक्टर की घरेलू मांग में मजबूती का फायदा कंपनी को मिला है। GST 2.0 सुधारों के बाद भी बाजार की रफ्तार बनी हुई है। कंपनी को कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट व्हील्स के निर्यात में भी अच्छी ग्रोथ मिली है। उनका कहना है कि दूसरी तिमाही में भी यह रफ्तार जारी रहने की उम्मीद है।

शेयर में अभी और तेजी आएगी या होगी मुनाफावसूली?

शेयर में तेजी के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या निवेशकों को इस शेयर में पैसा लगाना चाहिए या कुछ समय इंतजार करना बेहतर होगा। तकनीकी विश्लेषकों के मुताबिक, शेयर का ट्रेंड फिलहाल मजबूत नजर आ रहा है, लेकिन जिस तेजी से यह ऊपर गया है, उसे देखते हुए बीच में मुनाफावसूली या कुछ गिरावट से इनकार नहीं किया जा सकता।

च्वाइस ब्रोकिंग के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट हितेश टेलर के मुताबिक, व्हील्स इंडिया ने हाल में मजबूत तेजी दिखाई है। शेयर ने हायर हाई का ब्रेकआउट दिया है और फिलहाल सभी प्रमुख EMA के ऊपर कारोबार कर रहा है। चार्ट पर हायर हाई और हायर लो का पैटर्न भी बना हुआ है। टेलर के अनुसार, 2,270 रुपये के आसपास शेयर को पहला सपोर्ट मिल सकता है। इसके बाद 2,200 रुपये का स्तर अहम रहेगा। वहीं, ऊपर की तरफ 2,500 रुपये से 2,550 रुपये का जोन अगली बड़ी रुकावट बन सकता है। उनका मानना है कि मौजूदा तेजी के बाद थोड़ी गिरावट आ सकती है या कुछ समय तक शेयर एक दायरे में ट्रेड कर सकता है।

रेजिस्टेंस जोन को मजबूती से किया पार

स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट प्रवेश गौर के मुताबिक, व्हील्स इंडिया ने 1,750 से 1,800 रुपये के पुराने रेजिस्टेंस जोन को मजबूती से पार किया है। इसके बाद शेयर में तेज उछाल आया है। इस ब्रेकआउट को बढ़े हुए ट्रेडिंग वॉल्यूम का भी समर्थन मिला है। शेयर फिलहाल 20, 50, 100 और 200-DMA से ऊपर ट्रेड कर रहा है। यह लंबी अवधि में मजबूत तेजी का संकेत माना जाता है।

हालांकि, एक बात निवेशकों को ध्यान में रखनी चाहिए। शेयर का RSI ओवरबॉट जोन में पहुंच गया है। MACD भी मजबूत तेजी का संकेत दे रहा है। यानी मोमेंटम दमदार है, लेकिन बहुत कम समय में आई इतनी बड़ी तेजी के बाद मुनाफावसूली का जोखिम भी बढ़ गया है।

गौर के मुताबिक, 1,800 रुपये से 1,850 रुपये का स्तर अब शेयर के लिए अहम सपोर्ट जोन है। जब तक शेयर 1,800 रुपये के ऊपर बना रहता है, तब तक इसकी व्यापक तेजी बरकरार मानी जा सकती है। ऊपर की तरफ 2,400 रुपये पर तत्काल मनोवैज्ञानिक रेजिस्टेंस है। अगर शेयर इस स्तर के ऊपर टिकता है तो 2,500 रुपये और फिर 2,600 रुपये की तरफ बढ़ने की संभावना बन सकती है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
09 Sept 2026 01:12 pm
Published on:
09 Sept 2026 01:12 pm