चंदौली

चंदौली में गंगा नदी में कूदा बनारस का युवक, तीन दिन बाद मिला शव, पर्स से मिला लड़की के नाम का पत्र

बलुआ थाना क्षेत्र के पुल से गंगा नदी में तीन दिन पहले एक युवक ने छलांग लगा दी जिसका शव रविवार को महुअरकला कला गांव के पास से बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि शव गंगा नदी में उतराया हुआ था...
2 min read
May 17, 2026
Youth body in ganga river
फाइल फोटो

चंदौली: बलुआ थाना क्षेत्र के पुल से गंगा नदी में तीन दिन पहले एक युवक ने छलांग लगा दी जिसका शव रविवार को महुअरकला कला गांव के पास से बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि शव गंगा नदी में उतराया हुआ था। इसके बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक की शिनाख्त वाराणसी के रहने वाले रामप्रसाद राजभर के रूप में की है।

चिकन लाने निकला था युवक

दरअसल, तीन दिन पहले वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव के रहने वाले जुलाब राजभर का 25 वर्षीय पुत्र राम प्रसाद राजभर घर से चिकन लाने की बात कह कर बाजार निकला था। बताया जा रहा है कि वह बाइक से सीधे चंदौली के बलुआ इलाके में पहुंचा और पक्का पुल पर अपनी बाइक खड़ी कर नदी में छलांग लगा दी। आसपास के राहगीरों ने उसे ऐसा करता देख पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलने के बाद बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया की बाइक पर युवक ने अपना पर्स निकाल कर रख दिया था। इसके बाद गोताखोरों की मदद से पुलिस उसकी तलाश करने लगी, लेकिन लगातार 2 दिन तक तलाश किए जाने के बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिली।

कपड़ों से हुई शिनाख्त

वहीं, रविवार को महुअरकला गांव के पास एक युवक का शव गंगा नदी में उतराया हुआ मिला। इसके बाद पुलिस ने युवक की शिनाख्त करनी शुरू की। पुलिस ने नीले रंग की पैंट से उसकी पहचान वाराणसी के रहने वाले राम प्रसाद राजभर के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने युवक के परिजनों को इस बारे में सूचित कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक पेशे से ट्रक का मैकेनिक था। मौके पर पहुंचे पारिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात युवक घर से चिकन लाने की बात कह कर निकाला था और देर रात तक जब घर वापस नहीं लौटा तो खोज बीन शुरू की गई। वहीं, शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे बाहर निकलवा कर पंचनामा की कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिजन कर रहे थे तलाश

पुलिस सूत्रों की मानें तो जिस दिन युवक ने गंगा नदी में छलांग लगाई थी उसी दिन युवक के पास से बरामद हुए पर्स से एक पत्र मिला था, जिसमें एक लड़की के नाम होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, युवक के परिजनों ने इस तरह की बात के होने से इनकार किया है। परिवार ने बताया है कि शुक्रवार से ही वे युवक की तलाश कर रहे थे। फिलहाल, उसने इस तरह का कम क्यों उठाया है इस बात की जानकारी परिजनों को भी नहीं है।

Updated on:
17 May 2026 04:37 pm
Published on:
17 May 2026 04:37 pm