
चंदौली पुलिस ने अवैध शराब के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया (फोटो- पत्रिका)
Illegal Liquor Recovered in Chandauli: चंदौली पुलिस ने बिहार भेजी जा रही शराब की बड़ी खेप बरामद की है। बताया जा रहा है कि इस खेप को पंजाब से ट्रक में लादकर बिहार भेजा जा रहा था। मुगलसराय कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच को इसकी मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके बाद नेशनल हाईवे पर घेराबंदी के दौरान पुलिस को यह सफलता मिली है। वहीं, इस मामले में ट्रक चला रहा तस्कर भी गिरफ्तार हुआ है। पुलिस ने तस्कर को जेल भेज दिया है और ट्रक जब्त कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मुगलसराय कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक ट्रक में लादकर भारी मात्रा में शराब की खेप को बिहार भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने औद्योगिक नगर चौकी क्षेत्र के मिल्कीपुर-ताहीरपुर हाईवे पर वाहन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान वाराणसी की ओर से एक ट्रक JK 02 BP 1812 आता दिखाई दिया, जिसे पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया।
पुलिस द्वारा रोके जाने का इशारा मिलने के बाद ट्रक चालक घबरा उठा और उसने रफ्तार को तेज कर दिया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने बैरिकेडिंग की मदद से घेराबंदी की और ट्रक को रोक लिया। रोके जाने के बाद पुलिस ने गहनता से ट्रक की तलाशी लेनी शुरू की। इस दौरान आलू की बोरियों में छुपा कर रखी गई शराब की बड़ी खेप पुलिस के हाथ लगी। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए शराब की कुल कीमत 2 करोड़ 31 लाख रुपए आकी गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि आलू की बोरियों में छुपा कर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की 925 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बोतल पर फॉर सेल इन पंजाब लिखा गया है। पुलिस के मुताबिक, 8222.8 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आरोपी ट्रक चालक और तस्कर मोहम्मद जबिर को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि आरोपी जम्मू के असतादामलाह बक्शी नगर का निवासी है और उसे पंजाब से शराब की यह खेप मिली थी।
पुलिस ने बताया है कि पकड़ी गई शराब की खेप को जब्त कर लिया गया है और आरोपी मोहम्मद जबिर को भी गिरफ्तार किया गया है। एसपी चंदौली आकाश पटेल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही बिहार में इसकी डिलीवरी किसे देनी थी इस बारे में भी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शराब की तस्करी के इस खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
Updated on:
24 Jun 2026 04:49 pm
Published on:
24 Jun 2026 04:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
