
घायल मोबाइल कारोबारी, Pc-Patrika
Gunshot in Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में बदमाशों द्वारा मोबाइल कारोबारी के ऊपर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि फायरिंग की इस घटना में मोबाइल कारोबारी के बाएं हाथ में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं, गोली चलने की आवाज सुनने के बाद आसपास के ग्रामीण इकट्ठे हुए और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी से मोबाइल कारोबारी का 800 रुपए को लेकर विवाद था। इस विवाद में युवक को गोली मारी गई है।
जानकारी के मुताबिक, नौगढ़ थाना क्षेत्र के नौगढ़-सोनभद्र मार्ग पर शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने मझगवां निवासी देवज्ञ विश्वकर्मा को गोली मार दी। गोली देवज्ञ के बाएं हाथ में लगी है। वहीं, फायरिंग करने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। देवज्ञ ने बताया कि उनकी नौगढ़ में मोबाइल की एक दुकान है। शुक्रवार की देर रात को अपने साथी शिवम के साथ बाजार में सामान लेने गए थे। इसी दौरान रजवाहा पुल के पास दो युवकों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि पहले दोनों ने गाली गलौज शुरू की और बाद में मोबाइल कारोबारी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित ने बताया है कि कुछ दिन पूर्व आरोपी ने मोबाइल रिपेयर कराया था और उसी को लेकर 800 रुपए बकाया थे। बार-बार पैसे मांगे जाने पर भी आरोपी बकाया राशि नहीं लौट रहा था। पैसे मांगे जाने की वजह से वह नाराज चल रहा था और शुक्रवार की देर शाम देवज्ञ को रोक कर उसके साथ मारपीट शुरू की। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने असलहा निकालकर देवज्ञ पर फायरिंग कर दी। गोली देवज्ञ के बाएं हाथ में लगाते हुए पार हो गई है। फायरिंग की आवाज सुनने के बाद आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी बाइक पर सवार होकर भाग निकले।
वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर नौगढ़ थाने की पुलिस पहुंची और घायल को नौगढ़ सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। वहीं, अस्पताल में डॉक्टरों ने देवज्ञ की हालत स्थिर बताई है। पुलिस ने बताया है कि इस मामले में पीड़ित ने नामजद तहरीर दी है। क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार के मुताबिक, तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
Updated on:
08 Aug 2026 08:23 am
Published on:
08 Aug 2026 08:23 am
