
वाराणसी में NEET परीक्षा केंद्र पर पकड़ा गया छात्र | फोटो सोर्स- gemini
NEET Exam Cheating Case: देशभर में कड़ी सुरक्षा के बीच आज NEET की दोबारा परीक्षा आयोजित की गई। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाx परीक्षा केंद्र के गेट पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध छात्र को पकड़ लिया। पुलिस को छात्र के कपड़ों के अंदर से एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिला है, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
यह मामला वाराणसी के मैदागिन इलाके में मौजूद हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज का है, जिसे नीट परीक्षा का सेंटर बनाया गया था। परीक्षा शुरू होने से पहले जब मेन गेट पर सभी छात्रों की तलाशी ली जा रही थी, तभी पुलिस को एक छात्र की हरकतें कुछ अजीब लगी। शक होने पर जब पुलिसकर्मियों ने उसकी अच्छे से चेकिंग की, तो उसके कपड़ों के अंदर छिपाकर रखा गया एक छोटा चिपनुमा डिवाइस बरामद हुआ।
गेट पर ही रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद कोतवाली पुलिस तुरंत एक्शन में आई और छात्र को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने उसके पास से मिले संदिग्ध डिवाइस को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह कोई मॉर्डन कम्युनिकेशन टूल है, जिसका इस्तेमाल परीक्षा में बाहर बैठे किसी सॉल्वर से मदद लेने के लिए किया जाना था। फिलहाल पुलिस अधिकारी इस मामले पर सीधे कैमरे के सामने कुछ भी कहने से बच रहे हैं, लेकिन छात्र को हिरासत में ले लिया गया है।
कोतवाली थाने में संदिग्ध छात्र से लगातार पूछताछ की जा रही है और जांच टीमें मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह छात्र मूल रूप से कहां का रहने वाला है और इस हाई-टेक डिवाइस को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में किन लोगों ने उसकी मदद की थी। इसके साथ ही इस एंगल पर भी बारीकी से जांच की जा रही है कि क्या इस छात्र के कुछ और साथी भी परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश कर चुके हैं या फिर सेंटर के आसपास ही मौजूद हैं। पुलिस को शक है कि यह छात्र किसी बड़े नकल माफिया या सॉल्वर गैंग से जुड़ा हो सकता है। पुलिस का कहना है कि पूरी पूछताछ के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
21 Jun 2026 06:05 pm
Published on:
21 Jun 2026 05:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
