
15 घंटे में सकुशल मिली अलीगढ़ की 4 छात्राएं | फोटो सोर्स- X(@aligarhpolice)
Operation Smile Aligarh: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में घर से बिना बताए अचानक गायब हुई चार स्कूल जाने वाली बच्चियों को पुलिस ने सिर्फ 15 घंटे के अंदर सही सलामत ढूंढ निकाला है। ये चारों लड़कियां मथुरा के वृंदावन में मिली हैं। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि लड़कियां किसी के बहकावे में नहीं आई थीं, बल्कि घर की किसी बात या माता-पिता की डांट से नाराज होकर खुद ही चली गई थी। पुलिस ने चारों बच्चियों को सुरक्षित उनके परिवार के हवाले कर दिया है।
यह पूरा मामला अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र के अहमदपुरा गांव का है। यहाx रहने वाली चार सहेलियां (जो कक्षा 7वीं, 8वीं, 9वीं और 10वीं की छात्राएं हैं और उम्र 12 से 15 वर्ष के बीच है) 20 जून 2026 की दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक घर से कहीं चली गई। जब काफी देर तक लड़कियां घर नहीं लौटीं, तो घरवालों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत 'ऑपरेशन स्माइल' के तहत रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
अलीगढ़ के कप्तान (SSP) नीरज जादौन ने बिना देर किए बच्चियों को ढूंढने के लिए पुलिस की 5 अलग-अलग टीमें बनाई। इसके बाद पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुख्य रास्तों पर लगे करीब 110 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज चेक किए। कैमरों की मदद से पुलिस को पता चला कि लड़कियां मथुरा की तरफ गई हैं। पुलिस टीम तुरंत वृंदावन पहुंची और गायब होने के सिर्फ15 घंटे के अंदर चारों को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
पुलिस कप्तान ने बताया कि यह कोई अपहरण (किडनैपिंग) का मामला नहीं था। बच्चियां घर की किसी बात से नाराज होकर खुद ही वृंदावन चली गई थी। पुलिस टीम की इस कामयाबी पर उन्हें 25,000 रुपये का इनाम भी दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए चारों बच्चियों और उनके माता-पिता की काउंसलिंग करवाई जाएगी। इससे बच्चों के मन का डर और गुस्सा दूर होगा और माता-पिता भी समझ पाएंगे कि बच्चों को प्यार से कैसे समझाना है ताकि बच्चे गुस्से में ऐसा कोई कदम न उठाएं।
Updated on:
21 Jun 2026 05:18 pm
Published on:
21 Jun 2026 05:02 pm
