डीडीयू जंक्शन पर अकलतख्त ट्रेन से पुलिस को ₹1.75 करोड़ रुपए बरामद किए गए हैं। इस दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पूरे मामले की जांच आयकर विभाग कर रहा है....
चंदौली: डीडीयू जीआरपी और आरपीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। दोनों की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रेन से ₹1.75 करोड़ कैश बरामद किए गए हैं। इस दौरान दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल आयकर विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है और मौके पर पहुंची आयकर की टीम ने कैश को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, डीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म पर खड़ी अकालतख्त ट्रेन की बोगी नंबर A2 से दो यात्रियों को आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने हिरासत में लिया है। आरोप है कि ट्रेन में बैठे लखनऊ निवासी रितेश और गुजरात निवासी प्रिग्नेश के पास से ₹1.75 लाख बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया है कि दोनों पैसे लेकर कोलकाता जाने की फिराक में थे और सीट नंबर 13 और 14 पर बैठे हुए थे।
पुलिस ने बताया है की ट्रेन में रूटीन जांच करने के दौरान दोनों पर शक हुआ तो उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसके बाद इनके पास बैग से ₹500-₹500 की गड्डीयां बरामद हुईं। पैसे लेकर जीआरपी दफ्तर में इनकी गिनती की गई तो ₹1.75 करोड़ पाए गए। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों से कोई स्पष्ट उत्तर नहीं मिला इसके बाद मामले की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई। फिलहाल, आयकर विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। इस संबंध में मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है।