
Gold Recovery in Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में पुलिस ने सोना तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 3.92 करोड़ रुपए का सोना बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि इस सोने की तस्करी की जा रही थी, जिसे बिहार से लेकर आरोपी दिल्ली जा रहे थे। इसी दौरान चंदौली पुलिस और एसओजी की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, बिहार से दिल्ली ले जाए जा रहे करीब 3.92 करोड़ रुपए का सोना चंदौली की सदर कोतवाली पुलिस ने बरामद किया है। क्षेत्राधिकारी सदर ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की कार में सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से सोने की तस्करी कर रहे हैं। इसके बाद एसओजी और पुलिस टीम को सक्रिय किया गया और नवही पुलिया हाईवे पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि इस दौरान सफेद रंग की एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रोकने का प्रयास किया।
आरोप है कि कार सवार इस दौरान कार को भगाकर निकालने की कोशिश करने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। पुलिस के मुताबिक, कार चालक ने अपना नाम जुबेर मुबारक शेख बताया जो महाराष्ट्र के सांगली जिले का रहने वाला है। वहीं, दूसरा व्यक्ति हरियाणा के फतेहाबाद का रहने वाला है जिसका नाम मनीष कुमार है। इसी दौरान पुलिस ने सघनता से कार की तलाशी ली, जिसके बाद गियर बॉक्स के नीचे एक विशेष बॉक्स मिला। पुलिस ने जब उसे खोला तो उसमें से कपड़े के बेल्ट में टेप से लपेटकर रखी गई सोने की दो सिल्लियां बरामद हुई।
पुलिस ने बताया है कि बरामद किए गए सोने का वजन 2. 566 ग्राम है। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए सोने की कीमत 3.92 करोड़ रुपए है। आरोपियों के पास से सोने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज बरामद नहीं होने के बाद पुलिस ने मामले में आयकर विभाग और राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) को दे दी। संबंधित दोनों विभागों ने सोने की जांच की है। बताया जा रहा है कि बरामद किया गया सोना विदेश में निर्मित है, जिसे दोनों आरोपी तस्करी कर ले जा रहे थे। वहीं, बरामद सोने को राजस्व और सूचना निदेशालय की टीम को सौंप दिया गया है। वहीं दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।