चंदौली

पुट्टी की बोरियों के पीछे छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब, दो गिरफ्तार, ₹1.20 करोड़ का माल बरामद

चंदौली की सैयदराजा कोतवाली पुलिस ने नेशनल हाईवे से एक ट्रक से 1.20 करोड़ की शराब बरामद की है। शराब की इस खेप को बिहार में सप्लाई करना था। इस दौरान मौके से दो तस्कर भी गिरफ्तार हुए हैं...

less than 1 minute read
Mar 15, 2026

चंदौली: सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एनएच-19 पर एक ट्रक से 710 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इसके साथ ही मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

710 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध शराब भरकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस ने एनएच-19 स्थित बरठी कमरौर पेट्रोल पम्प के पास चेकिंग शुरू की। इस दौरान पेट्रोल भरवाने के लिए रुके ट्रक नंबर NL01AF3253 को रोका गया। जांच के दौरान पुट्टी की बोरियों के पीछे बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने ट्रक से 710 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इसी दौरान ट्रक के साथ चल रही एक कार को भी रोका गया, जो ट्रक को रास्ते की लोकेशन दे रही थी। कार चालक को भी गिरफ्तार किया गया है।

झारखण्ड के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखण्ड के अली बक्श और मुरताज अंसारी के रूप में हुई है। इस मामले में थाना सैयदराजा में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आबकारी अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Published on:
15 Mar 2026 06:35 pm
Also Read
View All

अगली खबर