चंदौली पुलिस ने एक करोड़ रुपए से अधिक की शराब बरामद की है। शराब की यह खेप बिहार में तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है...
चंदौली: पुलिस ने हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में शराब बरामद की है, जिसकी कीमत 1.5 करोड़ रुपए से ज्यादा है। अलीनगर पुलिस की स्वाट टीम को यह सफलता हासिल हुई है। पकड़ी गई शराब पंजाब से लाई गई थी और होली पर इसकी डिलीवरी बिहार में करनी थी। पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, अलीनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में छुपाकर शराब की खेप बिहार भेजी जा रही है। इसके बाद नेशनल हाईवे-19 पर सिंहिताली पुल के पास चेकिंग शुरू की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस को राजस्थान नंबर का एक ट्रक आते दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान आलू और चावल की भूसी के बोरी के नीचे शराब की खेप बरामद हुई। बरामद शराब की कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपए है।
पुलिस ने बताया कि 1028 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जो विभिन्न ब्रांड की है। पुलिस ने राजस्थान के बाड़मेर के रहने वाले मल्लाराम को गिरफ्तार किया है और ट्रक को सीज कर दिया है। पुलिस ने बताया कि पकड़ी गई शराब की खेप बिहार भेजी जा रही थी और होली से पहले इसकी डिलीवरी करनी थी। सर्विलांस टीम और मुखबिर की सूचना के बाद घेराबंदी कर इस खेप को पकड़ा गया है।