21 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चंदौली में 8 दिन से लापता शख्स का मिला शव, परिजनों ने सड़क किया जाम, पत्नी को बताया संदिग्ध

चंदौली के चकिया इलाके में एक युवक का शव बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि युवक पिछले 8 दिनों से लापता था। परिजनों ने युवक की पत्नी को संदिग्ध बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

2 min read
Google source verification

चंदौली: अलीनगर इलाके से 8 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए एक युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में चकिया इलाके से बरामद हुआ है। मामले में परिजनों ने अलीनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के बाद परिजनों ने सड़क जाम कर दिया और मृतक की पत्नी पर हत्या कराए जाने की आशंका जाहिर की है।

13 फरवरी को लापता हुआ था युवक

जानकारी के मुताबिक, अलीनगर के वार्ड नंबर-5 के रहने वाला राजेश (36) 13 फरवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर राजेश की तलाश शुरू कर दी थी। राजेश के लापता होने के पोस्टर भी शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए थे।

चकिया इलाके से बरामद हुआ शव

शनिवार की शाम राजेश का शव क्षत-विक्षत हालत में चकिया इलाके के दमड़ी पहाड़ी से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। परिजनों का आरोप था कि राजेश की हत्या की गई है और हत्यारों को पुलिस जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।

मृतक की पत्नी से हो पूछताछ

परिजनों ने मृतक की पत्नी अनीता पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के मुताबिक, राजेश की मौत होने की जानकारी होने के बाद भी उसकी पत्नी अनीता अपने मायके चली गई। परिजनों ने अनीता पर आरोप लगाते हुए पुलिस से मांग की है कि इस मामले में अनीता से भी पूछताछ की जाए। परिजनों का आरोप है कि अनीता की भूमिका इस मामले में संदिग्ध है।

पुलिस ने जाम समाप्त करवाया

घटना और सड़क जाम होने की सूचना के बाद कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान परिजन मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग करते रहे। फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजनों ने जाम को समाप्त कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।