14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दहेज की वजह से ससुराल पक्ष में खुन्नस, आंख में मिर्च डालकर बहू की पिटाई, फिर निकाला घर से बाहर

चंदौली में शादी के दो महीने बाद दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति सहित पांच लोगों पर मारपीट और आंख में मिर्च डालने का आरोप लगाया है।

2 min read
Google source verification
आंख में मिर्च डालकर बहू की पिटाई का सनसनीखेज आरोप

आंख में मिर्च डालकर बहू की पिटाई का सनसनीखेज आरोप

Chandauli Crime News: चंदौली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत हुई शादी के बाद महिला ने दहेज मांगे जाने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि उसे शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना दी गई और आंख में मिर्च झोंक कर उसकी पिटाई की गई। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और ससुराल पक्ष के लोगों की तलाश कर रही है।

दो महीने पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, 7 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पलिया के सुनील राम की बेटी अनुराधा की शादी अलीनगर के दयालपुर गांव निवासी रवि कुमार से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के चार दिन बाद वह मायके से ससुराल के लिए विदा हुई और उसके पिता ने यथासंभव उपहार भी दिया, जिसमें एक बाइक ₹20000 कैश, एक घड़ी, सोने की अंगूठी और पायल शामिल है।

ससुराल पक्ष का बदला रवैया

पीड़िता ने लिखित तहरीर में बताया है कि कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों के रवैया में बदलाव आने लगा और लोग उसे एक लाख रुपए और एक बुलेट बाइक की डिमांड कर करने लगे। पीड़िता के मुताबिक, उसका पति रवि कुमार, ससुर जेखू राम, ननद कविता कुमारी, सास कुर्ता देवी और देवर मुकेश ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया और उसे दहेज की डिमांड करने लगे।

पंचायत के बाद भी मारपीट

मामले में पंचायत बुलाई गई और कुछ दिनों तक सब कुछ शांत रहा, लेकिन कुछ दिन बाद प्रताड़ना फिर से शुरू हो गई। पीड़िता ने पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके आंख में मिर्च डालकर और हाथ-पैर बांधकर उसके साथ मारपीट की और दहेज में दिया गया सारा सामान रखकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई जिसके बाद पीड़िता एसपी के पास पहुंची और एसपी के निर्देश के बाद मामले में दहेज प्रतिषेध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।