चंदौली

चंदौली में मौत के मुंह से लौटा शख्स, चलती ट्रेन के नीचे गिरा, फिर ऐसे बची जान

डीसीयू जंक्शन पर एक यात्री रेल की पटरियों के नीचे आ गया और उसके ऊपर से ट्रेन गुजरने लगी। इस दौरान चेन पुलिंग करके यात्री की जान बचाई गई। यात्री ने बताया कि उसे किसी ने धक्का दे दिया था...

2 min read
Apr 07, 2026
AI image (Chatgpt)

चंदौली: डीडीयू जंक्शन पर मौजूद लोगों की सांसें तब थम गई जब एक यात्री ट्रेन से नीचे गिरा और ट्रेन उसके ऊपर से गुजरने लगी। हालांकि, ट्रेन के ऊपर से गुजरने के बाद भी यात्री की जान बच गई, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि युवक ट्रेन से नीचे गिर गया और रेल की पटरी के बीच चला गया। इसी दौरान उसके ऊपर से ट्रेन गुजरने लगी।

प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, डीडीयू जंक्शन पर रविवार की रात आनंद विहार पुरी नीलांचल एक्सप्रेस प्लेटफार्म संख्या 3 पर पहुंची। ट्रेन अपने निर्धारित समय पर पहुंची थी और कुछ देर रुकने के बाद प्लेटफार्म से रवाना होने लगी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर दो पर ड्यूटी कर रहे मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अजय कुमार की नजर अचानक ट्रेन के नीचे पटरियों पर लेटे हुए एक युवक पर पड़ी।

इस दृश्य को देखने के बाद वह भी सकते में आ गए, क्योंकि ट्रेन ऊपर से गुजर रही थी और पटरी पर यात्री पेट के बल लेटा हुआ था। इस दौरान उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया और यात्री को भी इशारे से समझाया कि वह लेटे रहे और हिलने की कोशिश ना करे। इसी दौरान किसी ने ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी और ट्रेन रुक गई, जिससे यात्री की जान बच गई।

बिहार का रहने वाला है यात्री

घटना के बाद मौके पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के जवान भी पहुंचे और यात्री को पटरियों के बीच से बाहर निकाला। यात्री ने बताया कि उसका नाम वीरेंद्र कुमार है और वह बिहार के मोतिहारी जिले के चंद्र रहिया गांव का रहने वाला है। यात्री ने बताया कि पीछे से उसे किसी ने धक्का दे दिया था, जिसके बाद वह ट्रेन के नीचे पटरी पर चला गया। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक जानबूझकर पटरियों के नीचे लेट गया था।

फिलहाल, स्वास्थ्य अधिकारी की सतर्कता से यात्री की जान बच गई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। वहीं आसपास के लोग इसे चमत्कार ही मान रहे हैं, क्योंकि युवक एक तरह से मौत के मुंह से निकाल कर बाहर आ गया। लोगों ने स्वास्थ्य निरीक्षक को धन्यवाद दिया और समय रहते शोर मचा कर चेन पुलिंग करने से यात्री की जान बच गई।

Published on:
07 Apr 2026 01:09 pm
Also Read
View All