चंदौली में घरेलू विवाद के कारण एक पति ने अपनी पत्नी की लोहे की रोड से पीट-पीट कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने पत्नी के शव को ठिकाने लगा दिया और अपना जुर्म छुपाने की भी कोशिश की...
चंदौली: सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि घरेलू विवाद के कारण एक पति ने अपनी पत्नी की लोहे की रोड से पीट-पीट कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने पत्नी के शव को ठिकाने लगा दिया और अपना जुर्म छुपाने की भी कोशिश की। आरोपी है कि पति ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे बोरे में भरकर चंद्रप्रभा जंगल के जिलेबिया मोड़ के पास फेंक दिया।
दरअसल, घटना कोतवाली क्षेत्र के बिछिया खुर्द गांव की है। मृतक महिला की पहचान सोनी खरवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी धूमधाम से गौतम खरवार के साथ 2020 में हुई थी। शादी के शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन समय बीतने के साथ दोनों के बीच मनमुटाव होने लगा और प्रतिदिन घरेलू कलह सामने आने लगी। धीरे-धीरे यह विवाद इस कदर बढ़ा कि पति ने पत्नी की हत्या करने की ठान ली।
मृतका के मायके पक्ष के लोग कई दिनों से उसके संपर्क में नहीं थे। बार-बार संपर्क किए जाने के बाद भी जब मृतका से संपर्क नहीं हो सका तो मायके पक्ष के लोगों ने सदर कोतवाली में इसकी शिकायत दर्ज कराई। वहीं, इस गंभीर मामले को लेकर पुलिस ने एक टीम का गठन किया और टीम कि शुरुआती जांच में ही मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। इसी दौरान पुलिस की टीम ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पहले उसने अभिज्ञता जताई फिर बाद में पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो वह टूट गया और पूरा घटनाक्रम उसने पुलिस के सामने खोल कर रख दिया।
आरोपी ने बताया कि रोज की घरेलू कलह से तंग आकर उसने पत्नी की हत्या करने की योजना बनाई और एक दिन लोहे की रॉड से उसके ऊपर हमला कर दिया। पति ने बताया कि जब पत्नी की मौत हो गई तो उसने सबूत मिटाने के लिए शव को बोरी में भरकर चंद्रप्रभा जंगल में फेंक दिया। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक महिला का शव बरामद कर लिया है। उधर मायके पक्ष को इस बात की जानकारी होने के बाद कोहराम मच गया। मायके पक्ष ने दामाद के ऊपर कार्रवाई करने को लेकर पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मायके पक्ष द्वारा तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पति पुलिस की गिरफ्त में है और इस मामले में कई पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। हालांकि, प्रथम दृष्टि या मामला घरेलू कलह का ही समझ में आ रहा है। पुलिस ने बताया कि उम्मीद है कि बाकी के पूछताछ में कई और राज भी सामने निकल कर सामने आ सकते हैं।