चंदौली में होली पर मायके जाने से पति ने रोका तो पत्नी फंदे से लटकी, ससुरालियों ने दहेज हत्या का दर्ज कराया मुकदमा।
चंदौली. यूपी के धानापुर क्षेत्र के विरना गांव में पति ने अपनी पत्नी को मायके जाने से रोक दिया और खुद कहीं चला गया। इस बात से पत्नी इतना नाराज हुई कि उसने खौफनाक कदम उठाकर सबको हैरत में डाल दिया। विवाहिता की इस तरह से हुई मौत के बाद मायके वालों ने ससुरालियों पर आरोप लगाकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
धानापुर थाना क्षेत्र के विरना गांव निवासी राजकिशोर सिंह के पुत्र धनंजय सिंह उर्फ वीरबहादुर की शादी नौ दिसंबर 2016 को चंदौली कोतवाली अंतर्गत डीघवट गांव निवासी राजेन्द्र सिंह की पुत्री कुमकुम के साथ हुई थी। जिसके बाद से आपस मे दोनों पति पत्नी खुशहाल थे। पर इस होली कुमकुम मायके जाने की जिद करने लगी तो उसके पति ने उसे मना कर दिया। पत्नी को मनाकर वह खुद गाजीपुर चले गए। इसी बात को लेकर कुमकुम नाराज हो गयी। उसे यह बात इतनी नागवार गुजरी कि उसने होली के दिन ही गले में साड़ी का फंदा डाला और फांसी पर झूल गयी।
जब तक पति व परिवार के लोग उसे देखते, इसके पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना से हतप्रभ पति ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने पंचायतनामा कर शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर मृतका के पिता राजेन्द्र सिंह ने ससुरालियों पर दहेज में कीमती जमीन तथा रुपयों की खातिर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है।
इस मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में पति, जेठ और दो जेठानियों सहित चार आरोपियों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। सभी आरोपित पुलिस पकड़ से दूर बताए जा रहे हैं। इस मामले में कोतवाल अखिलेश सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आभियुक्त घर छोड़कर फरार हैं। लेकिन उनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
by Santosh Kumar