चंदौली

चंदौली में युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश बनी मौत की वजह, 2 साल पहले पिता का भी हो चुका है देहांत

चंदौली के कंदवा थानाक्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना के वक़्त मृतक अपने खेत में सोया हुआ था। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है....

less than 1 minute read
Mar 05, 2026
गोलीबारी (File photo)

चंदौली: कंदवा थाना क्षेत्र में अचानक हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। यहां बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक युवक के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। फिलहाल घटना के बाद तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल की तनाती की गई है।

खेत में सो रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक, कंदवा थाना क्षेत्र के परसडीहा जमालपुर गांव में विशाल सिंह नामक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मृत युवक किसान था और घटना के समय वह अपने खेत में बोरिंग के पास सो रहा था। इसी दौरान तीन की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने उसे गोली मार दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों और मृतक के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और विशाल को अस्पताल में भर्ती कराया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत नाजुक बताई जा रही थी और अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि विशाल के पिता अजीत सिंह की 2 वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। फिलहाल परिवार में उसकी मां के अलावा इसका एक भाई बचा है।

गांव में पुलिस तैनात

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले को संभालने में जुटी हुई है। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने विशाल सिंह के भाई विवेक सिंह की तहरीर पर गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Published on:
05 Mar 2026 05:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर