
Amritpal Singh Parliament: संसद के विशेष सत्र शुरू होने में महज गिनती के दिन बचे हुए हैं। इसी बीच जेल में बंद खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को सदन की कार्यवाही में शामिल कराने की मांग की जा रही है। दरअसल, ‘वारिस पंजाब दे’ के वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने कहा है कि वह अमृतपाल सिंह को संसद सत्र में शामिल होने की अनुमति दिलाने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
अयाली ने लोकसभा अध्यक्ष और केंद्र सरकार से भी गुजारिश की है कि निर्वाचित सांसद होने के नाते अमृतपाल सिंह को संसद की कार्यवाही में हिस्सा लेने की अनुमति दी जाए। उन्होंने ख्वाहिश जाहिर करते हुए कहा है कि अमृतपाल सिंह ने 2024 के लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब से भाती मतों से जीत हासिल की थी और उन्हें अपने संसदीय दायित्व निभाने का अवसर मिलना चाहिए।
बता दें कि अमृतपाल सिंह ने 2024 का लोकसभा चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार कुलबीर सिंह जीरा को करीब दो लाख वोटों के अंतर से हराया था। उनकी जीत को पंजाब की पंथिक राजनीति में एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम के तौर पर देखा गया था। हालांकि, लोकसभा चुनाव जीतने के बाद भी अमृतपाल सिंह संसद की कार्यवाही में शामिल नहीं हो सके हैं। वह अप्रैल 2023 से राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं।
अमृतपाल की लगातार हिरासत को लेकर उनके समर्थक यह सवाल उठाते रहे हैं कि निर्वाचित सांसद को अपने क्षेत्र की जनता का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार क्यों नहीं मिल रहा है। वहीं, सरकार की ओर से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को महत्वपूर्ण माना गया है। संसद की कार्यवाही में शामिल होने के लिए अमृतपाल की ओर से पहले भी प्रयास किए गए हैं, लेकिन उन्हें कानूनी और सुरक्षा संबंधी अड़चनों का सामना करना पड़ा है। अब मनप्रीत सिंह अयाली के प्रस्तावित कानूनी कदम से यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
अमृतपाल सिंह को अजनाला पुलिस थाने से जुड़े मामले के बाद अप्रैल 2023 में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से वह NSA के तहत हिरासत में हैं। उनकी गिरफ्तारी और लगातार हिरासत ने उनके राजनीतिक भविष्य के साथ-साथ एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के अधिकारों को लेकर भी बहस छेड़ रखी है। हाल ही में अमृतपाल सिंह को उनकी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सशर्त हिरासत पैरोल पर उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया गया था। उनकी इस सीमित यात्रा ने एक बार फिर उनकी आवाजाही और राजनीतिक गतिविधियों पर लगी पाबंदियों को लेकर चर्चा तेज कर दी थी।
अमृतपाल सिंह की चुनावी जीत ने पंजाब में पंथिक राजनीति और ‘वारिस पंजाब दे’ के राजनीतिक प्रभाव को नई चर्चा दी थी। उनकी लगातार हिरासत के चलते उनका राजनीतिक भविष्य भी सवालों के घेरे में है। ऐसे में 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले संसद में उनकी मौजूदगी का मुद्दा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
अब नजर इस बात पर है कि अदालत अमृतपाल सिंह को आगामी विशेष सत्र में शामिल होने की अनुमति देती है या नहीं। अगर अदालत से अनुमति मिलती है तो वह जेल में रहते हुए संसद की कार्यवाही में हिस्सा लेने वाले सांसदों से जुड़े मामलों की बहस में एक और महत्वपूर्ण उदाहरण बन सकता है। वहीं, सुरक्षा और हिरासत से जुड़ी पाबंदियां बरकरार रहने पर अमृतपाल एक बार फिर संसद से दूर रह सकते हैं।