
(राजेन्द्र सिंह जादोन की रिपोर्ट)
चंडीगढ। पंजाब के बंगा में शुक्रवार को सुबह जो नजारा दिखा, एक बारगी उसने फिल्मी सीन जैसा आभास दिया। दरअसल हुआ यूं कि बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप कर्मचारी से सरेराह बैग छीनने की कोशिश की, जिसमें रुपए रखे हुए थे। इस दौरान जब कर्मचारी ने प्रतिरोध किया और बदमाश खुद को ही मुश्किल में पाने लगे, तो उन्होंने कर्मचारी को ही गोली मार दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से थोड़ी देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बदमाशों के फरार होने के बाद लोगों ने घायल कर्मचारी के बारे में पुलिस को सूचना दी और फिर उसे लोगों की मदद से अस्पताल में दाखिल कराया जा सका। फिलहाल पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है। पुलिस को पीडि़त कर्मचारी से पूछताछ में लगे सुराग के आधार पर लुटेरों तक पहुंचने की उम्मीद है।
बैंक में जमा कराने जा रहा था रूपए
पीडि़त पेट्रोल पम्प कर्मचारी बंगा-फगवाडा राजमार्ग पर बंगा बस स्टैण्ड के करीब स्थित पेट्रोल पंप पर काम करता है। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे बैग के करीब वह कलेक्शन के रूपए लेकर बैंक में जमा कराने जा रहा था कि मोटरसाईकिल सवार दो लोगों ने उसे रोक लिया और बैग छीनने का प्रयास करने लगे। कर्मचारी ने उनकी कोशिशों के बावजूद हार नहीं मानी और बैग को बचाने की पुरजोर कोशिश करते हुए एक बदमाश से भिड़ गया। यह देख कर बदमाशों ने कर्मचारी पर फायर झोंक दिया, जिससे वह घायल हो गया। बाद में लोगों के जुटने और पुलिस के आने के बाद घायल कर्मचारी को लुधियाना के अस्पताल में दाखिल कराया गया।
सघन तलाशी का अभियान
इधर, पुलिस को जैसे ही घटना की खबर लगी, उसने नाकाबंदी भी करवाई और वाहनों की सघन तलाशी का अभियान भी शुरू किया, लेकिन लुटेरे पकड़ में नहीं आए। प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत और पंपकर्मचारियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस का मानना है कि बदमाश हो सकता है कि पंप के कर्मचारी और उसके बैंक आने-जाने के समय को लेकर पहले से रेकी कर रहे हों और उन्होंने शुक्रवार को बाकायदा ट्रैप बिछा कर पंप कर्मचारी से लूटपाट की कोशिश की। पुलिस को उम्मीद है कि घायल कर्मचारी उन्हें बदमाशों के हुलिये के बारे में जरूर कुछ ऐसी अहम जानकारी दे पाएगा, जो शायद बदमाशों का स्कैच बनवाने में मदद कर सके। इसके आधार पर पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी की कोशिश करेगी। फिलहाल चौराहों और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को तलाशा जा रहा है।