
राहुल गांधी की रैली के साथ पंजाब में कांग्रेस चुनावी शंखनाद करेगी (Photo-ANI)
Punjab Election 2027: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई है। इसी बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की संगरूर में रैली आयोजित होगी। इसके साथ ही कांग्रेस का चुनावी शंखनाद भी हो जाएगा। रैली से पहले कांग्रेस नेता विजय इंदर सिंगला ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है।
कांग्रेस नेता सिंगला ने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, नशे के बढ़ते कारोबार, गैंगस्टरवाद और बेरोजगारी को लेकर भगवंत मान सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में प्रदेश की जनता ने आम आदमी पार्टी को 92 सीटों के साथ भारी बहुमत दिया था। पार्टी ने चुनाव के दौरान जनता से कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों को पूरा करने में सरकार नाकाम रही है।
कांग्रेस नेता सिंगला ने आरोप लगाया कि आज पंजाब में सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी हो रही है। पुलिसकर्मियों, सरपंचों, किसानों और आम नागरिकों की दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। यह वह पंजाब नहीं है, जिसे कभी देशभर में जाना जाता था।
इससे पहले कांग्रेस सांसद और पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने भी प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर AAP सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने पंजाब के हालात को चिंताजनक बताते हुए आरोप लगाया कि राज्य में गुंडागर्दी, गैंगस्टरवाद और नशे का कारोबार बढ़ रहा है।
पूर्व सीएम चन्नी ने कहा कि पंजाब की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और राज्य प्रभावी रूप से पुलिस स्टेट बनता जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने इन सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा दिया है। चन्नी ने कहा कि जितनी जल्दी इस सरकार को सत्ता से हटाया जाएगा, उतना ही बेहतर होगा।
संगरूर में बुधवार को कांग्रेस की बड़ी रैली आयोजित की जा रही है। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के शामिल होने का कार्यक्रम है। इस रैली को कांग्रेस के 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस सांसद चन्नी ने यह भी आरोप लगाया कि संसद के पिछले सत्र में विपक्ष ने राहुल गांधी के नेतृत्व में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर चर्चा की मांग की थी, लेकिन भाजपा ने इस पर बहस नहीं होने दी। उन्होंने केंद्र सरकार पर महत्वपूर्ण मुद्दों से बचने का आरोप लगाया।
Updated on:
4 Nov 2026, 10:32 AM IST
Published on:
4 Nov 2026, 10:16 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.