चंडीगढ़ पंजाब

रिश्वतकांड में सीबीआई की पूछताछ के बाद फिरोजपुर के आईजी का चंडीगढ तबादला

उल्लेखनीय है कि पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के पूर्व एसएसपी शिव कुमार शर्मा ने सीबीआई को शिकायत की थी कि फिरोजपुर के आईजी जीएस ढिल्लो के नाम से उनसे दस लाख रूपए रिश्वत में मांगे गए है...
2 min read
• •
Updated: 19 Aug 2018, 3:09 PM IST
file photo
file photo

(चंडीगढ): रिश्वतकांड में शुक्रवार को सीबीआई द्वारा पूछताछ किए जाने के बाद पंजाब के फिरोजपुर के आईजी पुलिस जीएस ढिल्लो का शनिवार को चंडीगढ तबादला कर दिया गया। ढिल्लो को चंडीगढ में पुलिस महानिरीक्षक मानवाधिकार के पद पर नियुक्त किया गया है। अब तक पुलिस महानिरीक्षक मानवाधिकार के पद पर नियुक्त मुखविंदर सिंह छिना को ढिल्लो की जगह फिरोजपुर का आईजी नियुक्त किया गया है। पंजाब के गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एनएस कलसी ने शनिवार को यह तबादला आदेश जारी किया।

उल्लेखनीय है कि पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के पूर्व एसएसपी शिव कुमार शर्मा ने सीबीआई को शिकायत की थी कि फिरोजपुर के आईजी जीएस ढिल्लो के नाम से उनसे दस लाख रूपए रिश्वत में मांगे गए है। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने शुक्रवार को लुधियाना में रिश्वत मांगने वाले बिचौलिए को गिरफ्तार किया था और आईजी ढिल्लो से उनके पटियाला स्थित मकान व फिरोजपुर स्थित सरकारी आवास पर तलाशी लेने के साथ पूछताछ की गई थी।


बिचौलिए की पहचान लुधियाना के व्यवसायी अशोक गोयल के नाम से हुई है। पूर्व एसएसपी शिवकुमार शर्मा के खिलाफ पंजाब के पटवारी मोहन सिंह की शिकायत पर जांच चल रही है। मोहन सिंह ने शिवकुमार शर्मा पर झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है। शिवकुमार शर्मा के खिलाफ पटवारी मोहन सिंह की शिकायत की जांच के लिए फिरोजपुर आईजी ढिल्लो ने एसआईटी का गठन किया था। एसआईटी ने शिव कुमार शर्मा के निवास पर तलाशी ली थी और कुछ दस्तावेज और वस्तुए बरामद की थीं। शिव कुमार शर्मा ने सीबीआई को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि एसआईटी द्वारा बरामद दस्तावेज व वस्तुए लौटाने एवं मुकदमे को कमजोर करने के लिए उनसे आईजी फिरोजपुर ढिल्लो के नाम पर दस लाख रूपए की रिश्वत मांगी गई।

Published on: