
BJP Akali Dal Alliance: पंजाब की राजनीति में करीब छह साल बाद एक बार फिर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले फिर हाथ मिलाने की तैयारी में हैं। दोनों दलों के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान मंगलवार को दिल्ली में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया जाना है। इस खबर के सामने आते ही कांग्रेस ने अकाली दल और BJP पर निशाना साधना शुरू कर दिया है।
पंजाब कांग्रेस के नेता और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि जिस दिन का उन्हें इंतजार था, वह आखिरकार आ गया है। उन्होंने गुरुपर्व के दिन होने जा रही गठबंधन की घोषणा को पंजाब और कांग्रेस के लिए अच्छा दिन बताया। वड़िंग ने आरोप लगाया कि पिछले ढाई से तीन साल से दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर पर्दे के पीछे बातचीत चल रही थी, लेकिन जनता के सामने अलग-अलग बातें कही जा रही थीं।
राजा वड़िंग ने अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और उनकी पत्नी व सांसद हरसिमरत कौर बादल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दोनों नेता पंजाब में BJP के साथ गठबंधन होने से इनकार करते रहे, लेकिन संसद में राष्ट्रपति चुनाव और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे मुद्दों पर अकाली दल BJP के साथ खड़ा नजर आया।
वड़िंग का आरोप है कि जब भी संसद में BJP को अकाली दल के समर्थन की जरूरत पड़ी, तब दोनों दल साथ दिखाई दिए। लेकिन पंजाब लौटकर गठबंधन नहीं होने की बात कही जाती रही। अब दोनों पार्टियों के फिर साथ आने की तैयारी पर कांग्रेस ने इसी मुद्दे को लेकर सवाल उठाए हैं।
BJP और अकाली दल का गठबंधन करीब 24 साल पुराना था। दोनों दल लंबे समय तक पंजाब में मिलकर चुनाव लड़ते रहे। लेकिन सितंबर 2020 में केंद्र के तीन कृषि कानूनों को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हुआ तो अकाली दल ने BJP से नाता तोड़ लिया। उस समय हरसिमरत कौर बादल ने भी केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद दोनों पार्टियों ने 2022 के पंजाब विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव अलग-अलग लड़े।
मंगलवार को दिल्ली में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के शामिल होने की उम्मीद है। दोनों दलों के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर भी बातचीत चल रही है। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। ऐसे में गठबंधन के ऐलान के साथ सीटों का बंटवारा भी चर्चा का बड़ा मुद्दा रहेगा।
अब देखना होगा कि छह साल बाद दोबारा साथ आने जा रहे दोनों दल पंजाब में किस रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरते हैं। इस नए समीकरण पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की नजर भी रहेगी।