19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / Punjab Election 2027: अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा को पंजाब में मिली बड़ी जिम्मेदारी, कांग्रेस के इस फैसले के क्या हैं राजनीतिक मायने?

Punjab Election 2027: अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा को पंजाब में मिली बड़ी जिम्मेदारी, कांग्रेस के इस फैसले के क्या हैं राजनीतिक मायने?

Kishori Lal Sharma Punjab Election Committee: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में कांग्रेस ने 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा को इसमें शामिल करने के पीछे क्या है कांग्रेस की रणनीति और इसके सियासी मायने? जानिए पूरी खबर।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

चंडीगढ़ पंजाब

•

image

Ashib Khan

•

Updated: 19 Nov 2026, 4:38 PM IST

Why Kishori Lal Sharma Included in Punjab Committee

अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा को पंजाब चुनाव समिति में किया शामिल (Photo-IANS)

Punjab Election 2027: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है। इसी बीच पार्टी ने प्रत्याशियों के चयन के लिए 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, प्रताप सिंह बाजवा और वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी भी समिति का हिस्सा हैं। पंजाब कांग्रेस के केंद्रीय प्रभारी को पदेन सदस्य बनाया गया है।

बता दें कि इस समिति में शामिल 42 में से 41 ऐसे हैं, जिन्होंने पंजाब की राजनीति में अपनी पहचान बनाई। हालांकि एक नाम ऐसा भी है, जिसका राजनीतिक आधार उत्तर प्रदेश के अमेठी से है। यह नाम है अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा का। 

प्रदेश चुनाव समिति में अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा को शामिल करने पर सियासी चर्चा तेज हो गई है। आइए जानते हैं कि किशोरी लाल शर्मा को समिति में क्यों शामिल किया गया है और इसके पीछे राजनीतिक मायने क्या है? 

कांग्रेस के फैसले के राजनीतिक मायने

1- पंजाब से पुराने रिश्ते का राजनीतिक इस्तेमाल

दरअसल, किशोरी लाल शर्मा का पंजाब से पुराना नाता है। उन्होंने लुधियाना के आर्य कॉलेज से बीए की पढ़ाई की है और उनका घर शहर के शिवाजी नगर में है। हालांकि, उनकी राजनीतिक पहचान अब अमेठी से जुड़ चुकी है। 

पंजाब की सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों से उनका जुड़ाव कांग्रेस के लिए उपयोगी हो सकता है। पार्टी उन्हें पंजाब में संगठन और चुनावी रणनीति से जोड़कर अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर सकती है।

2- अमेठी मॉडल के अनुभव का इस्तेमाल

लोकसभा चुनाव 2024 में किशोरी लाल शर्मा को कांग्रेस ने अमेठी से प्रत्याशी बनया था। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी को मात दी थी। इससे 2019 में राहुल गांधी को अमेठी में मिली हार का बदला भी पूरा हुआ। कांग्रेस उन्हें चुनावी संगठन, जमीनी संपर्क और रणनीति के अनुभव के आधार पर पंजाब की चुनावी तैयारी में शामिल कर रही है।

3- गांधी परिवार के भरोसेमंद

किशोरी लाल शर्मा को गांधी परिवार का बेहद करीबी और भरोसेमंद नेता माना जाता है। उन्होंने दशकों तक पर्दे के पीछे रहकर पार्टी और गांधी परिवार के लिए काम करने वाले शर्मा को कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से उम्मीदवार बनाया था। पार्टी ने इस बार गांधी परिवार के किसी सदस्य के बजाय उन पर भरोसा जताया।

बताया जाता है कि शर्मा चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं थे, लेकिन प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्हें इसके लिए मनाया था। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि प्रियंका ने उनसे कहा था कि उन्होंने दशकों तक गांधी परिवार के हर सदस्य के चुनाव में काम किया है। अब परिवार की बारी है कि वह उनके लिए कुछ करे। इसलिए उन्हें चुनाव लड़ने से मना नहीं करना चाहिए।

4- पंजाब की राजनीति पर भी हुए सक्रिय

बता दें कि सांसद किशोरी लाल शर्मा की सक्रिय राजनीति का केंद्र अब अमेठी है, लेकिन पंजाब से उनका जुड़ाव बना हुआ है। उन्होंने अपने बयान में आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि पंजाब कांग्रेस एकजुट है और आगामी विधानसभा चुनाव सामूहिक रूप से लड़ेगी।

क्या करती है प्रदेश चुनाव समिति?

कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया का पहला अहम पड़ाव होती है। प्रदेश चुनाव समिति संभावित उम्मीदवारों के नामों की सिफारिश करती है। इसके बाद ये नाम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से गठित स्क्रीनिंग कमेटी के पास जाते हैं। 

इसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी नामों को छांटकर केंद्रीय चुनाव समिति के सामने रखती है। केंद्रीय चुनाव समिति की अध्यक्षता कांग्रेस अध्यक्ष करते हैं और अंतिम रूप से उम्मीदवारों के नाम तय किए जाते हैं।